Haris Rauf Dropped: टी20 विश्व कप 2026 के लिए पाकिस्तान टीम का ऐलान हो गया है. 25 जनवरी को पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने उन 15 खिलाड़ियों के नाम दुनिया के सामने रख दिए, जो भारत-श्रीलंका में होने वाले टी20 विश्व कप 2026 में खेलने उतरेंगे. टीम में वो स्टार बॉलर नहीं है, जो इस टीम के लिए सालों तक मैच विनर रहा. उसने 94 टी20 इंटरनेशनल खेले और 21.10 की औसत से 133 विकेट निकाले, लेकिन फिर भी विश्व कप स्क्वाड में जगह नहीं मिली. ये तब हुआ जब वो ऑस्ट्रेलिया की बिग बैश लीग 2025-26 के 11 मैचों में 20 विकेट चटका चुका है. मतलब अनुभव, आंकड़े और फॉर्म सब कुछ उसके पास है, लेकिन फिर भी उसे सेलेक्टर्स ने दरकिनार कर दिया. ये बदकिस्मत कोई और नहीं बल्कि पाकिस्तान टीम के तूफानी गेंदबाज हारिस रऊफ हैं, जो टी20 विश्व कप 2024 में पाकिस्तान टीम के लिए खेले थे.
हारिस रऊफ को जगह आखिर क्यों नहीं दी गई?
ये बड़ा सवाल है. इस सवाल का सीधा-सीधा जवाब तो पाकिस्तान टीम के हेड कोच माइक हेसन भी नहीं दे पाए. उन्होंने बड़ा गोलमोल जवाब दिया है. कोई सटीक वजह उनके पास नहीं दिखी. कोच माइक हेसन ने बताया कि उनका इरादा श्रीलंका में 3 पेसर के साथ जाने का है. हमने वसीम जूनियर, अहमद दानियाल और हारिस रऊफ के नाम पर भी विचार किया, पर दुर्भाग्यवश वो जगह नहीं बना पाए. हमने उनकी जगह शाहीन अफरीदी, नसीम शाह और सलमान मिर्जा को चुना है, जो तीनों फेज में गेंदबाजी करने में सक्षम हैं.
133 विकेट ले चुके हैं हारिस रऊफ
आपको जानकर हैरानी होगी कि सालों तक टीम के लिए अहम बॉलर रहे रऊफ 2020 से लेकर 2024 तक खेले गए सभी विश्व कप में नजर आए. अब 6 साल बाद ऐसा हुआ है, जब वो पाकिस्तान की टी20 विश्व कप टीम का हिस्सा नहीं बने हैं. दाएं हाथ के यह तेज गेंदबाज पाकिस्तान के लिए अब तक 94 टी20 इंटरनेशनल मैच खेलकर 133 विकेट ले चुके हैं. इस बार पाकिस्तान टीम में तेज गेंदबाजी की कमान शाहीन शाह अफरीदी संभालेंगे. उनके साथ देने के लिए नसीम शाह और सलमान मिर्जा भी मौजूद हैं.