Narendra Modi Stadium T20I Stats: टी20 विश्व कप 2026 के सभी मुकाबले जिन 8 मैदानों पर होने हैं, उनमें से एक वो स्टेडियम भी है, जो क्रिकेट का सबसे बड़ा स्टेडियम कहलाता है. जी हां, ये कोई और नहीं बल्कि भारत के अहमदाबाद में मौजूद नरेंद्र मोदी स्टेडियम है. पहले इसे सरदार पटेल स्टेडियम के नाम से जाना जाता था, लेकिन अब इसे नरेंद्र मोदी स्टेडियम के तौर पर पहचान मिल चुकी है. 2020 में इसका उद्घाटन हुआ था. यहां टी20 विश्व कप 2026 के अहम मुकाबले खेले जाने हैं. फाइनल भी इस मैदान पर होने की उम्मीद है.
टी20 विश्व कप 2026 में जब यहां मैच होंगे तो 1,32,000 दर्शक आराम से बैठकर मैच का आनंद ले सकते हैं. 7 फरवरी से शुरू होने वाले टी20 विश्व कप 2026 में यहां 9 फरवरी को पहला मैच होना है. अगर इस टूर्नामेंट के फाइनल में पाकिस्तान टीम नहीं जाती है, तो फिर फाइनल भी इसी मैदान पर होगा. ये वो मैदान है, जहां हम आपके लिए इस मैदान की पिच रिपोर्ट से लेकर टी20 इंटरनेशनल मैचों के आंकड़े और यहां जीत दर्ज करने का फॉर्मूला भी बता रहे हैं.
कैसी है नरेंद्र मोदी स्टेडियम की पिच रिपोर्ट?
नरेंद्र मोदी क्रिकेट स्टेडियम की पिच बैटिंग फ्रेंडली मानी जाती है. यहां की पिच पर नई गेंद के साथ तेज गेंदबाजों को शुरुआती कुछ ओवरों में मदद मिलती है, लेकिन इसके बाद बल्लेबाज हावी हो जाते हैं. टी20 क्रिकेट में यहां 190 रन कई बार बने हैं. यहां चेज करना इसलिए मुश्किल होता है, क्योंकि दूसरी पारी में स्पिनर्स अहम रोल अदा करते हैं.
नरेंद्र मोदी स्टेडियम के टी20 आंकड़े
इस मैदान पर अब तक कुल 11 टी20 इंटरनेशनल मैच खेले गए हैं, जिनमें पहले बैटिंग करने वाली टीम ने 7 मैच जीते हैं, जबकि चेज करने वाली टीम को 4 जीत मिली हैं. यहां पहली पारी का औसत स्कोर 166 रन है, जो दूसरी पारी में घटकर 143 रन रह जाता है. ये आंकड़े बताते हैं कि यहां चेज करना मुश्किल होता है. यही वजह है कि टॉस जीतकर टीमें पहले बैटिंग करना पसंद करती हैं, क्योंकि दूसरी पारी में स्पिनर्स को मदद मिलने लगती है.
जीत का फॉर्मूला क्या है?
क्रिकेट में किसी भी मैदान पर जीत का एक ही फॉर्मूला होता है, अच्छा प्रदर्शन. यह बात यहां भी लागू होती है. लेकिन इस मैदान के आंकड़े और इतिहास को देखकर यहां जीतने के संभावित फॉर्मूले की बात करें तो टॉस जीतने वाली टीम अगर पहले बैटिंग करती है और बोर्ड पर 180 प्लस रन लगा देती है, तो उसके जीतने के चांस ज्यादा रहते हैं, क्योंकि दूसरी पारी में स्पिनर्स को मदद मिलने लगती है. यही वजह है कि यहां पहली पारी में रन बनाने वाली टीमों ने 11 में से 7 मैच जीते हैं.
सबसे बड़ा टोटल
इस मैदान पर टी20 इंटरनेशनल में सबसे बड़ा टोटल 234 रनों का है, जो भारत ने 1 फरवरी 2023 को न्यूजीलैंड के खिलाफ बनाया था. टीम इंडिया ने 20 ओवरों में 4 विकेट खोकर 234 रन बोर्ड पर लगाए थे. भारत के लिए उस मैच में शुभमन गिल ने 63 गेंदों पर 7 छक्के और 12 चौके लगाकर 126 रन ठोके थे. राहुल त्रिपाठी ने 22 गेंदों पर 44 रनों की पारी खेली थी. इसके बाद कीवी टीम को सिर्फ 66 रनों पर समेट कर भारत ने 168 रनों के बड़े अंतर से मैच जीत लिया था.
चेज होने वाला सबसे बड़ा स्कोर
इस मैदान पर टी20 में चेज होने वाला सबसे बड़ा स्कोर 165 रनों का है, जो साल 2021 में भारत ने इंग्लैंड के खिलाफ किया था. उस मैच में पहले बैटिंग करते हुए इंग्लैंड की टीम ने 20 ओवर में 164 रन बनाए थे, जिसे टीम इंडिया ने 17.5 ओवर में 3 विकेट खोकर हासिल कर लिया था. जीत के हीरो विराट कोहली थे, जिन्होंने 49 गेंदों पर 5 चौके और 3 छक्के लगाकर नाबाद 73 रन बनाए थे. ईशान किशन ने 32 गेंदों पर 4 छक्के और 5 चौके लगाकर 56 रनों की पारी खेली थी.
डिफेंड होने वाला सबसे छोटा स्कोर
इस मैदान पर डिफेंड होने वाला सबसे छोटा स्कोर 107 रनों का है. साल 2011 में वेस्टइंडीज की महिला टीम ने भारत के खिलाफ ये कमाल कर दिखाया था. वेस्टइंडीज ने 20 ओवर में 7 विकेट खोकर 107 रन बनाए थे, जिसके जवाब में भारतीय महिला टीम 20 ओवर में 8 विकेट खोकर सिर्फ 104 रन ही बना सकी थी और 3 रनों से मैच हार गई थी.
टी20 विश्व कप 2026 के ये मुकाबले अहमदाबाद में होंगे
9 फरवरी, साउथ अफ्रीका vs कनाडा
11 फरवरी, साउथ अफ्रीका vs अफगानिस्तान
14 फरवरी, न्यूजीलैंड vs साउथ अफ्रीका
18 फरवरी, भारत vs नीदरलैंड्स