टीकमगढ़ जिले के खरगापुर में जमीनी विवाद के चलते एक युवक की फावड़े से मारकर हत्या कर दी गई। आरोपी ने वारदात के बाद खुद थाने पहुंचकर पुलिस को घटना की जानकारी दी। मृतक सुनील रूसिया शिक्षा विभाग में लिपिक (क्लर्क) के पद पर पदस्थ थे। घटना के विरोध में गुस्साए लोगों ने देर रात सड़क पर जाम लगा दिया। सिर पर फावड़े से किया वार यह घटना रविवार शाम खरगापुर-बल्देवगढ़ मार्ग पर तुलसीघाट के पास हुई। आरोपी सुरेंद्र यादव का सुनील रूसिया से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। विवाद के दौरान सुरेंद्र ने सुनील के सिर पर फावड़े से जोरदार हमला कर दिया। हत्या करने के बाद आरोपी ने शव को पास के एक कुएं में फेंक दिया और ऊपर से पत्थर भी मारे। इसके बाद आरोपी सीधे थाने पहुंच गया, जहां पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया। प्लॉटिंग की जमीन को लेकर था विवाद बताया जा रहा है कि सुनील रूसिया ने दो साल पहले विवादित जगह पर जमीन खरीदकर प्लॉटिंग की थी। वहां एक मकान का निर्माण कार्य चल रहा था, जिसे सुरेंद्र ने रुकवा दिया था। इसी मामले को सुलझाने के लिए सुनील को मौके पर बुलाया गया था, जहां सुरेंद्र के परिजनों से बहस हुई और फिर सुरेंद्र ने हत्या की वारदात को अंजाम दिया। मृतक के परिवार में दो बच्चे और एक छोटा भाई है। पुलिस ने शुरू की जांच घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर कुएं से शव बाहर निकाला। थाना प्रभारी अंबर सिंह सिकरवार ने बताया कि आरोपी सुरेंद्र यादव को पकड़ लिया गया है और शव को कब्जे में लेकर जांच की जा रही है। पूरी पड़ताल के बाद ही हत्या की सही वजह और स्थिति साफ हो पाएगी। इधर, घटना से नाराज लोगों ने थाने के सामने शव रखकर प्रदर्शन किया और रास्ते को जाम कर दिया।
Source link