T20 World Cup 2026: खतरनाक सिक्स हिटर्स और कातिलाना गेंदबाजों से सजी साउथ अफ्रीका की टीम टी20 वर्ल्ड कप 2026 का खिताब जीतने के प्रबल दावेदारों में से एक है. पिछले दो-तीन सालों के दौरान ICC टूर्नामेंट्स में साउथ अफ्रीका का प्रदर्शन बेहतरीन रहा है. साउथ अफ्रीका ने 2025 ICC वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप का खिताब जीता था. इससे पहले यह टीम 2024 टी20 वर्ल्ड कप की उपविजेता रह चुकी है. पिछली बार जो कसर रह गई थी उसे साउथ अफ्रीका टी20 वर्ल्ड कप 2026 के दौरान पूरा करना चाहेगा. बता दें कि टी20 वर्ल्ड कप 2026 का आगाज 7 फरवरी से होगा, जिसका फाइनल मुकाबला 8 मार्च को खेला जाएगा.
साउथ अफ्रीका टी20 वर्ल्ड कप 2026 की ट्रॉफी जीतने का दावेदार
2007 से लेकर अभी तक साउथ अफ्रीका की टीम एक भी बार टी20 वर्ल्ड कप का खिताब नहीं जीत पाई है. साल 2024 में साउथ अफ्रीका के पास टी20 वर्ल्ड कप की ट्रॉफी जीतने का बहुत करीबी मौका आया था, जिसे उसने गंवा दिया. 29 जून 2024 को खेले गए टी20 वर्ल्ड कप 2024 के फाइनल में भारत ने साउथ अफ्रीका को 7 रन से हराकर उसका खिताब जीतने का सपना तोड़ दिया था. साउथ अफ्रीका की टीम अब अपनी पिछली गलतियों से सबक लेकर एक खतरनाक टीम के साथ टी20 वर्ल्ड कप 2026 टूर्नामेंट में उतरेगी.
साउथ अफ्रीका की ताकत
साउथ अफ्रीका के पास इस टूर्नामेंट के लिए एक मजबूत बॉलिंग यूनिट है. इस टीम में मार्को यानसेन और क्वेना मफाका के रूप में दो बाएं हाथ के तेज गेंदबाज हैं. इसके अलावा इस टीम में कॉर्बिन बॉश, कैगिसो रबाडा, लुंगी एनगिडी, एनरिक नॉर्किया और जेसन स्मिथ जैसे दाएं हाथ के घातक गेंदबाज मौजूद हैं. अलग-अलग कंडीशंस में विकेट निकालने के लिए साउथ अफ्रीका के पेस अटैक के पास बहुत वैरायटी है. साउथ अफ्रीका का स्पिन डिपार्टमेंट भी उतना ही खतरनाक है. जॉर्ज लिंडे और केशव महाराज लेफ्ट-आर्म स्पिन गेंदबाजी के बहुत अच्छे ऑप्शन हैं. कप्तान एडेन मार्करम तो अपनी बल्लेबाजी के अलावा ऑफ स्पिन गेंदबाजी से भी साउथ अफ्रीका को अच्छा बैलेंस देते हैं. टी20 वर्ल्ड कप 2026 में कप्तान एडेन मार्करम और क्विंटन डि कॉक जैसे खतरनाक बल्लेबाज साउथ अफ्रीका के लिए ओपनिंग करेंगे. वहीं, मिडिल ऑर्डर में ट्रिस्टन स्टब्स, डेवाल्ड ब्रेविस और डेविड मिलर साउथ अफ्रीकी टीम को मजबूती देंगे.
साउथ अफ्रीका की कमजोरी
टोनी डी जोरजी और डोनोवन फरेरा के चोट के कारण टीम से बाहर होने की वजह से साउथ अफ्रीका को मजबूरन बदलाव करने पड़े हैं, और रयान रिकेल्टन और ट्रिस्टन स्टब्स को टीम में शामिल किया गया है. हालांकि दोनों ही बेहतरीन बल्लेबाज हैं, लेकिन इस अचानक हुए बदलाव से टीम का बैलेंस थोड़ा जटिल हो गया है. डेविड मिलर की इंजरी से मिडिल ऑर्डर में और भी अनिश्चितता आ गई है, जो साउथ अफ्रीका के लिए टी20 वर्ल्ड कप 2026 में बहुत अहम खिलाड़ी होंगे. अपनी शानदार बॉलिंग वैरायटी के बावजूद साउथ अफ्रीका के अटैक में एक रिस्ट-स्पिन ऑप्शन की कमी है, जो मॉडर्न T20 क्रिकेट में एक जरूरी हथियार है. लेफ्ट-आर्म रिस्ट स्पिनर तबरेज शम्सी की गैरमौजूदगी से बीच के ओवरों में विकेट लेने या टर्निंग पिचों का फायदा उठाने में साउथ अफ्रीका को दिक्कत आ सकती है. सेलेक्टर्स ने ओटनील बार्टमैन को टीम में शामिल नहीं किया है, जो SA20 में सबसे ज्यादा 20 विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं. टी20 वर्ल्ड कप 2026 में ओटनील बार्टमैन की गैरमौजूदगी साउथ अफ्रीका के कैंपेन को नुकसान पहुंचा सकती है.
टी20 वर्ल्ड कप 2026 में साउथ अफ्रीका कब-कब खेलेगा अपने मैच?
साउथ अफ्रीका की टीम टी20 वर्ल्ड कप 2026 टूर्नामेंट के ग्रुप-D में शामिल है. साउथ अफ्रीका की टीम 9 फरवरी को टी20 वर्ल्ड कप 2026 में अपना पहला ही मैच कनाडा के खिलाफ अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेलेगी. इसके बाद साउथ अफ्रीका को अफगानिस्तान के खिलाफ 11 फरवरी को इसी मैदान पर अपना अगला मैच खेलना है. 14 फरवरी को साउथ अफ्रीका का सामना न्यूजीलैंड से अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में ही होगा. 18 फरवरी को दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में साउथ अफ्रीका की टीम UAE के खिलाफ मैच खेलेगी.
टी20 वर्ल्डकप 2026 में साउथ अफ्रीका का शेड्यूल (ग्रुप स्टेज)
साउथ अफ्रीका बनाम कनाडा – पहला मैच – 9 फरवरी (अहमदाबाद)
साउथ अफ्रीका बनाम अफगानिस्तान – दूसरा मैच – 11 फरवरी (अहमदाबाद)
साउथ अफ्रीका बनाम न्यूजीलैंड – तीसरा मैच – 14 फरवरी (अहमदाबाद)
साउथ अफ्रीका बनाम UAE – चौथा मैच – 18 फरवरी (दिल्ली)
T20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए साउथ अफ्रीका की टीम
एडेन मार्करम (कप्तान), कॉर्बिन बॉश, डेवाल्ड ब्रेविस, क्विंटन डि कॉक, मार्को यानसेन, जॉर्ज लिंडे, केशव महाराज, क्वेना मफाका, डेविड मिलर, लुंगी एनगिडी, एनरिक नॉर्खिया, कैगिसो रबाडा, रयान रिकेल्टन, जेसन स्मिथ, ट्रिस्टन स्टब्स.