नई दिल्ली. हिटमैन रोहित शर्मा तिलक वर्मा को वर्ल्ड कप 2026 में टीम इंडिया के लिए ट्रंपकार्ड मानते है, टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में रन चेज़ करते वक्त तिलक वर्मा का औसत 39.93 से छलांग लगाकर सीधे 68.00 तक पहुंच जाता है. महज 23 साल की उम्र में वह खुद को एक ‘सेकेंड इन्निंग्स स्पेशलिस्ट’ के रूप में स्थापित कर चुके हैं. टारगेट का पीछा करने की कला आसानी से नहीं सीखी जा सकती. कुछ खिलाड़ियों के पास स्वाभाविक क्षमता होती है दबाव से ऊपर उठने की मानसिक स्पष्टता और हालात को अपने पक्ष में मोड़ देने का हुनर.
तिलक से पहले यह पहचान विराट कोहली के नाम थी एक ऐसा बल्लेबाज, जिसने रन चेज़ करते हुए भारत को अनगिनत मैच जिताए. भले ही दूसरे इन्निंग्स में कोहली का औसत तिलक से कम हो, लेकिन तुलना अपने आप बहुत कुछ कह देती है. बाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने चेज़ के दौरान अब तक 8 बार नाबाद रहते हुए मैच खत्म किया है और जब भी ऐसा हुआ है, भारत एक भी मुकाबला नहीं हारा है. चाहे इंग्लैंड के खिलाफ 166 रन का लक्ष्य हो, जब भारत 116/6 की मुश्किल स्थिति में था, या फिर 2025 एशिया कप फाइनल में पाकिस्तान के खिलाफ 20/3 की हालत तिलक वर्मा ने हर बार टीम इंडिया को जीत तक पहुंचाया है. वह दबाव में दबते नहीं हैं,बल्कि उसी दबाव को अपने प्रदर्शन की ताकत बना लेते हैं.
रोहित पर तिलक ने लगाया दांव
भारत और मुंबई इंडियंस के पूर्व कप्तान रोहित शर्मा का मानना है कि तिलक वर्मा शुरू से ही खुद पर भरोसा रखने वाले खिलाड़ी रहे हैं. आईपीएल 2022 अपने डेब्यू सीजन में तिलक ने खुद रोहित से ऊपर बल्लेबाजी करने का मौका मांगा था. उनका कहना साफ था मुझे ऊपर भेजिए,मैं काम कर दूंगा और उन्होंने ऐसा कर दिखाया. रोहित इस आत्मविश्वास से काफी प्रभावित हुए. जब तिलक वर्मा पहली बार मुंबई इंडियंस के सेट-अप में आए, तभी मुझे लगा कि इसमें कुछ अलग बात है. उनकी बातें बेहद सरल थीं, लेकिन उनमें काफी दम होता था. वह मुझसे बस यही कहते थे मैं कर लूंगा, मुझे ऊपर भेज दीजिए.
तिलक की खासियत
मैं 2022 और 2023 की बात कर रहा हूं, जब मैं कप्तान था उसका माइंडसेट और एटिट्यूड शानदार है और वह क्रिकेट को लेकर पूरी तरह जुनूनी है. पिछले कुछ सालों में तिलक वर्मा ने यही भूमिका टीम इंडिया के लिए भी निभाई है रोहित शर्मा का मानना है कि 23 वर्षीय यह बल्लेबाज ‘बड़े मैचों का खिलाड़ी’ है जो मुश्किल वक्त में आगे आता है. फिलहाल तिलक सर्जरी से उबर रहे हैं और न्यूजीलैंड के खिलाफ टी20I सीरीज से बाहर हैं.
पाकिस्तान के खिलाफ पारी बेस्ट
टी20 वर्ल्ड कप 2026 करीब है और रोहित का मानना है कि भारत को प्लेइंग इलेवन में ऐसे खिलाड़ी की सख्त जरूरत होगी. सबसे अहम बात है उसका टेम्परामेंट. एशिया कप फाइनल में पाकिस्तान के खिलाफ उसकी पारी अविश्वसनीय थी. चारों तरफ दबाव, दूसरे छोर पर विकेट गिर रहे थे, स्टेडियम में शोर और सामने टूर्नामेंट का फाइनल. मुझे पता है कि अभी करियर की शुरुआत है, लेकिन वह दिखा रहा है कि वह बड़े मैचों का खिलाड़ी है. जब भी टीम मुश्किल में होती है, सिर्फ एक बार नहीं वह कई बार टीम को बाहर निकाल चुका है.