निवाड़ी जिले के ओरछा थाना क्षेत्र की नाराईनाका चौकी पुलिस ने फर्जी रॉयल्टी के सहारे खनिज परिवहन कर रहे एक ट्रक को जब्त किया है। पुलिस ने ट्रक में भरी गिट्टी और रॉयल्टी दस्तावेजों का मिलान करने पर अनियमितता पाई। इस कार्रवाई में लगभग 20 लाख 30 हजार रुपए का माल जब्त किया गया है और ट्रक चालक को हिरासत में लिया गया है। पुलिस अधीक्षक डॉ. रायसिंह नरवरिया के निर्देश पर नाराईनाका चौकी पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक ट्रक फर्जी दस्तावेजों के साथ खनिज ले जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई की योजना बनाई। पुलिस ने यूपी 56 एचटी 8698 नंबर के ट्रक को रोका। चालक की पहचान राजू यादव (35 वर्ष), निवासी ग्राम अमरा, थाना चकिया, जिला चंदौली (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई। जब चालक से खनिज के दस्तावेज मांगे गए, तो उसने एक रॉयल्टी प्रस्तुत की जिसमें ट्रक नंबर और ईटीपी में गिट्टी लिखा था। मौके पर मौजूद आरक्षक नवजोत बाजवा ने मोबाइल से ऑनलाइन सत्यापन किया, तो उसी ईटीपी नंबर में ‘एम सेंड’ (M-Sand) लिखा मिला। इससे स्पष्ट हो गया कि दस्तावेज और ट्रक में मौजूद खनिज दोनों में भिन्नता थी। पूछताछ में चालक ने बताया कि खनिज वंदे मातरम क्रेशर, प्रतापपुरा से लोड किया गया था। पुलिस ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए चालक के खिलाफ मध्यप्रदेश खनिज परिवहन अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत कार्रवाई की। कार्रवाई के दौरान 18 चक्के का ट्रक, खनिज (गिट्टी) और रॉयल्टी दस्तावेज सहित कुल 20 लाख 30 हजार रुपए का माल जब्त कर चालक को गिरफ्तार कर लिया गया। इस मामले में अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। कार्रवाई में उपनिरीक्षक टिंकू यादव (चौकी प्रभारी नाराईनाका), आरक्षक सतेंद्र, आरक्षक आनंद शर्मा, आरक्षक नवजोत सिंह, आरक्षक राघवेंद्र सिंह और आरक्षक संतोष लोधी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
Source link