जबलपुर14 घंटे पहले
- कॉपी लिंक
चरगवाँ थाना क्षेत्र के सिंगौरी जमुनिया स्थित तालाब में नहाने गयी 5 वर्षीय बालिका रिया उइके नहाते समय तालाब में डूब गयी थी। मासूम बच्ची को तालाब में डूबते हुए उसकी सहेलियों ने नहीं देखा और वापस अपने घर लौट आईं। शाम को परिजन बेटी की तलाश में निकले और उन्हें पता चला कि रिया तालाब में नहाने गयी थी और संभवत: तालाब में डूब गयी है। जानकारी लगने पर बुधवार सुबह से होमगार्ड के गोताखोरों की मदद से रेस्क्यू अभियान चलाया गया और करीब 3 घंटे बाद बच्ची का शव तालाब से निकाला जा सका।
सूत्रों के अनुसार ग्राम निवासी दुर्गा बाई उइके की बेटी 5 वर्षीय रिया अपनी हमउम्र 5 अन्य लड़कियों के साथ पिछली दोपहर 1 बजे के करीब गाँव के तालाब में नहाने के लिए गयी थी। तालाब में नहाने के बाद सभी बच्चियाँ अपने-अपने घर चली गयीं थीं लेकिन रिया घर नहीं पहुँची थी। करीब 3 घंटे बाद परिजनों ने उसकी सहेलियों से पूछताछ की तो गाँव की एक महिला ने बताया कि तालाब में नहाने गयीं बच्चियों में से रिया तालाब किनारे पत्थर पर बैठी देखी गयी थी।
रिया की तलाश करते हुए शाम हो गयी और उसका पता नहीं चला। परिजनों द्वारा इसकी सूचना थाने में दी गयी। सूचना पर पुलिस द्वारा बुधवार सुबह मदद के लिए होमगार्ड के गोताखोरों को बुलाया गया और तालाब में रेस्क्यू शुरू किया गया। करीब 3 घंटे की मशक्कत के बाद बच्ची की लाश तालाब से बरामद की गयी।