नौगांव तहसील परिसर से पुलिस हिरासत में आरोपी फरार: जमानत प्रक्रिया के दौरान सुरक्षा में चूक, तीन आरोपी लाए गए थे – Chhatarpur (MP) News

नौगांव तहसील परिसर से पुलिस हिरासत में आरोपी फरार:  जमानत प्रक्रिया के दौरान सुरक्षा में चूक, तीन आरोपी लाए गए थे – Chhatarpur (MP) News




छतरपुर जिले के नौगांव तहसील परिसर में मंगलवार शाम भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 170 के तहत जमानत के लिए लाए गए तीन आरोपियों में से एक पुलिस हिरासत से फरार हो गया। यह घटना तहसीलदार रमेश कौल की अदालत में जमानत प्रक्रिया के दौरान हुई। जानकारी के अनुसार, अलीपुरा थाना क्षेत्र के ग्राम टीला में हुए आपसी विवाद के एक मामले में पुलिस ने करन पाल, शिवपाल यादव और बृजेंद्र यादव को गिरफ्तार किया था। मंगलवार शाम करीब 5:30 बजे इन तीनों आरोपियों को जमानत के लिए नौगांव तहसील न्यायालय में पेश किया गया था। तहसील कार्यालय में जमानत की कार्रवाई चल रही थी। दो आरोपियों के दस्तावेज पूरे हो चुके थे, जबकि तीसरा आरोपी पुलिस हिरासत में लघुशंका के लिए बाहर गया था। इसी बीच, नौगांव थाना पुलिस को सूचना मिली कि फरार हुआ आरोपी किसी अन्य मामले में भी वांछित है। यह जानकारी मिलते ही नौगांव थाना पुलिस तत्काल तहसील परिसर पहुंची। छोटे गेट से दौड़कर फरार
नौगांव पुलिस को देखते ही आरोपी ने स्थिति का फायदा उठाया और तहसील परिसर के बाईं ओर स्थित एक छोटे गेट से दौड़कर फरार हो गया। अलीपुरा थाना पुलिस ने मुख्य द्वार से उसका पीछा किया, लेकिन आरोपी को पकड़ने में सफल नहीं हो सकी। देर रात तक फरार आरोपी पुलिस की गिरफ्त से बाहर था। सूत्रों के अनुसार, तहसीलदार के बाबू द्वारा जमानत की नोटशीट तैयार की जा रही थी। बताया गया कि एक नोटशीट पर कार्रवाई पूरी हो चुकी थी, जबकि दूसरी पर कार्रवाई पूरी होने से पहले ही आरोपी फरार हो गया। पहले यह भी चर्चा थी कि तहसीलदार के हस्ताक्षर भी नहीं हुए थे, लेकिन बाद में बयान बदलते हुए दोनों दस्तावेजों पर हस्ताक्षर होने की बात कही गई, जिससे भ्रम की स्थिति हो गई। जानकारी के अनुसार, फरार आरोपी के खिलाफ नौगांव थाने में पहले से ही एक मामला दर्ज था। इसी सिलसिले में नौगांव पुलिस जमानत के बाद उसे गिरफ्तार करने के लिए तहसील परिसर पहुंची थी। अधिकारियों के बयान
तहसीलदार रमेश कौल ने बताया कि उनकी अदालत में दो आरोपियों के इस्तगासा प्रस्तुत हुए थे जिनकी जमानत की कार्रवाई की गई। तीसरे आरोपी के संबंध में उन्हें कोई जानकारी नहीं है। एसडीओपी नौगांव अमित मेश्राम ने कहा कि उन्हें तीनों आरोपियों की जमानत की सूचना मिली है। यदि कोई आरोपी फरार हुआ है तो अलीपुरा थाना पुलिस से जानकारी लेकर स्थिति स्पष्ट की जाएगी।



Source link