शिवपुरी जिले की दो छात्राओं ने अपनी अलग-अलग उपलब्धियों से जिले का नाम रोशन किया है। कोलारस की रहने वाली 11वीं की छात्रा अनवेशा पाराशर ने मेहंदी से 9 फीट ऊंची पेंटिंग बनाकर वर्ल्ड रिकॉर्ड अपने नाम किया है। वहीं, इसी अनुविभाग के अलावदी गांव की सलोनी या
.
कोलारस कस्बे के सीएम राइज स्कूल की 11वीं की छात्रा अनवेशा पाराशर को उनकी अनोखी कला के लिए सम्मानित किया गया है। 25 जनवरी को जयपुर में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान अनवेशा ने मेहंदी से 9 फीट ऊंची और 5 फीट चौड़ी कलाकृति बनाई। इस उपलब्धि को ‘इन्फ्लुएंसर बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स’ (Influencer Book of World Records) में दर्ज किया गया है।
भारत माता और हेडगेवार के चित्र उकेरे
अनवेशा ने अपनी इस विशाल मेहंदी कलाकृति में भारत माता, डॉ. केशवराव बलिराम हेडगेवार और गुरु गोलवलकर के चित्र उकेरे हैं। अनवेशा के पिता रिंकू पाराशर का निधन हो चुका है। पिता के जाने के बाद उन्होंने अपनी कला को निखारा। वह एक स्केच आर्टिस्ट भी हैं और उनके बनाए स्केच देशभर में ऑर्डर पर जाते हैं।
20 दिन की मेहनत, 5 दिन में मेहंदी वर्क
अनवेशा ने बताया कि इस रिकॉर्ड तोड़ कलाकृति को पूरा करने में कुल 20 दिन का समय लगा। इसमें शुरुआती 15 दिन पेंसिल से स्केच, ग्राफ और स्ट्रक्चर तैयार करने में लगे। इसके बाद आखिरी के 5 दिनों में मेहंदी से पोर्ट्रेट तैयार किए गए। रिकॉर्ड दर्ज करने के लिए इस पूरी प्रक्रिया की लगातार निगरानी की गई थी।
किसान की बेटी ने राजपथ पर किया नेतृत्व
दूसरी बड़ी उपलब्धि कोलारस अनुविभाग के अलावदी गांव की सलोनी यादव ने हासिल की है। किसान चंद्रपाल यादव की बेटी सलोनी राजस्थान के पिलानी स्थित बिरला बालिका विद्यापीठ में 11वीं की छात्रा हैं। उन्होंने 26 जनवरी को दिल्ली में आयोजित गणतंत्र दिवस परेड में महिला एनसीसी प्लाटून का नेतृत्व किया। एक छोटे से गांव से निकलकर राजपथ तक पहुंचने वाली सलोनी की इस सफलता पर पूरे जिले को गर्व है।