जमशेदपुर : झारखंड के जमशेदपुर में इन दिनों युवाओं के बीच क्रूजर और खासकर रॉयल एनफील्ड बुलेट का क्रेज तेजी से बढ़ रहा है. भारी आवाज, दमदार लुक और रॉयल स्टाइल वाली इन बाइकों को युवा सिर्फ वाहन नहीं, बल्कि अपनी शान और पहचान मानते हैं. इसी दीवानगी का सबसे बड़ा ठिकाना बिष्टुपुर स्थित आर रोड की एक खास गली बन चुका है. जहां कदम रखते ही हर तरफ बुलेट ही बुलेट नजर आती है. यह जगह अब शहर के बाइक लवर्स के लिए सबसे पसंदीदा जगह मानी जाती है.
सर्विसिंग ही नहीं, साइलेंसर के लिए भी ये दुकानें हैं मशहूर
इस गली की सबसे खास बात यह है कि यहां आपको एक-दो नहीं, बल्कि 15-18 बुलेट गेराज एक ही लाइन में मिल जाएंगे. सिर्फ सामान्य सर्विसिंग ही नहीं, बल्कि यहां बाइकों का मॉडिफिकेशन वर्क भी बड़े स्तर पर किया जाता है. जो युवा अपनी बाइक को अलग लुक देना चाहते हैं, खास साइलेंसर लगवाना चाहते हैं या रॉयल स्टाइल को और निखारना चाहते हैं तो उनके लिए यह मार्केट परफेक्ट माना जाता है.
यहां के दुकान संचालक अमरेंद्र बताते हैं कि यह गली आज से नहीं, बल्कि करीब 30-35 साल पुरानी है. पहले यहां केवल दो दुकानें हुआ करती थीं, लेकिन जैसे-जैसे बुलेट का क्रेज बढ़ा, दुकानों की संख्या भी बढ़ती गई. आज यहां 15 से 18 दुकानें सक्रिय रूप से काम कर रही हैं. सिर्फ जमशेदपुर ही नहीं, बल्कि चाकुलिया, घाटशिला, आदित्यपुर और यहां तक कि ओडिशा बॉर्डर से भी ग्राहक अपनी बाइक लेकर यहां पहुंचते हैं.
बुलेट के सभी पार्ट यहां हैं उपलब्ध
अमरेंद्र के अनुसार कई बार ऐसा होता है कि लोग कंपनी के अधिकृत सर्विस सेंटर से संतुष्ट नहीं होते या वहां पार्ट्स महंगे मिलते हैं. ऐसे में आखिरी भरोसा इसी गली पर रहता है. यहां इंजन रिपेयर, इंजन चेंज, पॉकेट हेडलाइट, फुल बॉडी वर्क, पेंट जॉब, सस्पेंशन, ब्रेक सिस्टम से लेकर छोटी से छोटी तकनीकी समस्या का समाधान किया जाता है. सबसे बड़ी बात यह है कि पुराने और नए मॉडल के दुर्लभ पार्ट्स भी यहां आसानी से मिल जाते हैं.
अगर यहां कीमत की बात करें तो यहां मात्र ₹1200 में पूरी बाइक की बेहतर सर्विसिंग कर दी जाती है, जो युवाओं के बजट के हिसाब से काफी किफायती मानी जाती है. यही वजह है कि यह गली अब सिर्फ एक मार्केट नहीं, बल्कि बुलेट प्रेमियों का अड्डा बन चुकी है. जहां मशीनों के साथ-साथ जुनून भी धड़कता है.