Last Updated:
मध्य प्रदेश के इंदौर के बाणगंगा थाना क्षेत्र में हुए हत्यकांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है और उसने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. आरोपी ऑटो से भा रहे थे, लेकिन गड्ढे में ऑटो गिरने से दोनों आरोपी घायल हो गए, जिन्हें मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया.
रिपोर्ट-मिथिलेश गुप्ता/इंदौर
इंदौर के बाणगंगा थाना क्षेत्र की गंगा धाम कॉलोनी में 40 वर्षीय गायत्री धीमान की नृशंस हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस जांच में सामने आया है कि बदमाशों को महिला के पास बड़ी मात्रा में नकदी होने की जानकारी थी, जिसके चलते उन्होंने चोरी के इरादे से वारदात को अंजाम दिया. आरोपियों ने महिला के घर में घुसते ही उसे काबू में कर लिया. शोर मचाने पर बदमाशों ने उसके हाथ-पैर बांध दिए और मुंह में कपड़ा ठूंसकर गला घोंट दिया, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई.
घर में संदिग्ध हालात में मिला था शव
दरअसल, 23 जनवरी को गायत्री धीमान का शव उसके घर में संदिग्ध हालात में मिला था. मृतिका के हाथ-पैर रस्सी से बंधे थे और मुंह में कपड़ा ठूंसा हुआ था. पोस्टमार्टम रिपोर्ट में दम घुटने से मौत की पुष्टि होने के बाद बाणगंगा पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर विशेष टीम गठित की. शुरुआती जांच में पुलिस को हत्या के पीछे प्रेम प्रसंग या कार्यस्थल से जुड़ा विवाद होने की आशंका थी, लेकिन दोनों ही बिंदुओं पर कोई ठोस सबूत नहीं मिले. इसके बाद पुलिस ने जांच की दिशा बदलते हुए 250 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और तकनीकी साक्ष्य जुटाए.
मृतिका के पड़ोस में ही किराए पर रहते थे आरोपी
जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि हत्या में शामिल आरोपी मृतिका के पड़ोस में ही किराए से रह रहे थे. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अमित मौर्य और सुमित मौर्य के रूप में हुई है, जबकि तीसरा आरोपी अमित गाड़ेकर फिलहाल फरार है. पूछताछ में आरोपियों ने कबूल किया कि वे कई दिनों से गायत्री की दिनचर्या पर नजर रख रहे थे और चोरी के इरादे से घर में घुसे थे. हालांकि वारदात के बाद वे कोई खास सामान नहीं ले जा सके.
मुखबिर से मिली सूचना पर पकड़े गए दोनों आरोपी
27 जनवरी की रात मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने सुपर कॉरिडोर क्षेत्र में घेराबंदी कर आरोपियों को पकड़ने की कोशिश की. पुलिस को देखकर आरोपी ऑटो से भागने लगे, लेकिन गड्ढे में ऑटो गिरने से दोनों आरोपी घायल हो गए, जिन्हें मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया. वहीं, फरार आरोपी अमित गाड़ेकर की तलाश जारी है. मामले का खुलासा करने वाली पुलिस टीम को पुलिस आयुक्त संतोष सिंह द्वारा 10 हजार रुपए नगद इनाम देने की घोषणा की गई है.