Australian Open 2026: ऑस्ट्रेलियन ओपन में बुधवार (28 जनवरी) को महिला सिंगल्स के क्वार्टर फाइनल मैच में जेसिका पेगुला ने जीत हासिल की. उन्होंने अमांडा अनिसिमोवा को 6-2, 7-6(1) से हराकर अगले दौर में जगह बनाई. वह ऑस्ट्रेलियन ओपन में पहली बार सेमीफाइनल तक पहुंचने में सफल रही हैं. दुनिया की नंबर 6 खिलाड़ी पेगुला ने 1 घंटे 35 मिनट तक चले क्वार्टरफाइनल में शानदार प्रदर्शन किया और दमदार जीत हासिल की.
तीसरी बार ग्रैंड स्लैम के सेमीफाइनल में पेगुला
इस जीत से पेगुला अपने करियर में तीसरी बार और यूएस ओपन के बाहर पहली बार किसी मेजर ग्रैंड स्लैम के आखिरी चार में पहुंची हैं. सेमीफाइनल में पेगुला का मुकाबला एलेना रायबाकिना से होगा. इससे पहले पेगुला पिछले चार ऑस्ट्रेलियन ओपन के क्वार्टर फाइनल में हार चुकी थीं, लेकिन इस मैच में उन्होंने दोनों विंग्स से गहराई और सटीकता के साथ खेल को शुरू में ही कंट्रोल किया और दो बार अनिसिमोवा की सर्विस तोड़कर पहला सेट अपने नाम किया.
रोमांचक हुआ मुकाबला
दूसरा सेट उतार-चढ़ाव वाला रहा. अनिसिमोवा ने अपना लेवल बढ़ाया, अपने आक्रामक बेसलाइन गेम पर ध्यान दिया और पेगुला को आगे नहीं बढ़ने दिया. नंबर 4 सीड ने हिम्मत दिखाई, बराबरी पर रहीं और मैच पॉइंट्स बचाकर सेट को टाईब्रेक में पहुंचा दिया. एक बार वहां पहुंचने के बाद, पेगुला को कोई छू नहीं सका. पेगुला ने शुरू से ही ब्रेकर पर दबदबा बनाया, बिना डरे सर्विंग और तेज रिटर्न के दम पर लगातार सात पॉइंट्स बनाए. बढ़ते दबाव में अनिसिमोवा ने गलतियां कीं, जबकि पेगुला की रफ्तार और सटीकता निर्णायक साबित हुई.
ये भी पढ़ें: Australian Open: बेन शेल्टन को रौंद सेमीफाइनल में पहुंचे यानिक सिनर, अब नोवाक जोकोविच से होगा ब्लॉकबस्टर मैच
पुगाल का जबरदस्त रिकॉर्ड
इस जीत ने अनिसिमोवा के खिलाफ पेगुला का बिना हारे रिकॉर्ड 4-0 कर दिया. यह किसी अमेरिकी विरोधी के खिलाफ उनकी लगातार आठवीं ग्रैंड स्लैम जीत थी. पेगुला तीन दशकों से ज्यादा समय में एक ही ऑस्ट्रेलियन ओपन में तीन हमवतन खिलाड़ियों को हराने वाली पहली अमेरिकी महिला भी बनीं. इससे पहले उन्होंने टूर्नामेंट में मैककार्टनी केसलर और डिफेंडिंग चैंपियन मैडिसन कीज को हराया था.