IND vs NZ 5th T20I: भारत और न्यूजीलैंड के बीच जारी टी20 सीरीज का 5वां यानी आखिरी मुकाबला 31 जनवरी को होना है. यह मुकाबला तिरुवनंतपुरम के ग्रीनफील्ड इंटरनेशनल स्टेडियम में होगा. भारत सीरीज को 4-1 से अपने नाम कर चुका है. आखिरी मुकाबले में वो जीत के साथ ही टी20 विश्व कप 2026 में जाना चाहेगा. यह मुकाबला कप्तान सूर्यकुमार यादव के लिए बेहद खास होने वाला है. अगर सूर्या के बल्ले से 33 रन निकल गए तो वो एक खास क्लब में एंट्री कर लेंगे. सूर्या के पास रोहित शर्मा और विराट कोहली जैसे दिग्गजों वाला कमाल करने का सुनहरा मौका है.
33 रन बनाते ही सूर्या जिस मुकाम को हासिल कर लेंगे, वो भारत के लिए टी20 इंटरनेशनल में 3000 रन बनाने का कारनामा है. सूर्यकुमार यादव 103 मैचों में 2967 रन बना चुके हैं. 33 रन बनाते ही वो अपने टी20 इंटरनेशनल करियर में 3000 रन पूरे कर लेंगे. उनसे पहले सिर्फ रोहित शर्मा और विराट कोहली ही इस मुकाम को हासिल कर पाए हैं. रोहित ने 2007 से लेकर 2024 तक खेला. जबकि विराट 2010 से 2024 तक इस फॉर्मेट का हिस्सा रहे. अब ये दोनों दिग्गज टेस्ट और टी20 से रिटायरमेंट ले चुके हैं और सिर्फ वनडे खेलते हैं.
भारत के लिए टी20 इंटरनेशनल के टॉप रन स्कोरर
- रोहित शर्मा – 159 मैचों में 4231 रन
- विराट कोहली – 125 मैचों में 4188 रन
- सूर्यकुमार यादव – 103 मैचों में 2967 रन
- केएल राहुल – 72 मैचों में 2265 रन
- हार्दिक पांड्या – 128 मैचों में 2029 रन
सूर्यकुमार यादव का टी20 करियर
सूर्यकुमार यादव ने 2021 में भारत के लिए टी20 इंटरनेशनल में डेब्यू किया था. वो पिछले 5 सालों में 103 मैच खेल चुके हैं, जिनमें 36.62 की औसत से 2967 रन दर्ज हैं. उनके नाम 4 शतक और 23 फिफ्टी भी दर्ज हैं. हाई स्कोर 117 रन है.
सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में पहला टी20 विश्व कप 2026
सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में ही टीम इंडिया टी20 विश्व कप 2026 में खेलने जा रही है. भारत डिफेंडिंग चैंपियन है, इसलिए उसके सामने खिताब डिफेंड करने की चुनौती है. चूंकि इस बार भारत-श्रीलंका की सरजमीं पर टी20 विश्व कप होने जा रहा है, जो थोड़ा भारत के लिए प्लस पॉइंट है, क्योंकि यह टीम घरेलू पिचों को बढ़िया तरह से पहचानती है. देखना दिलचस्प होगा कि सूर्या अपनी कप्तानी में कैसे खिताब डिफेंड करने मैदान पर दम लगाएंगे. ये पहला मौका है जब वो टी20 विश्व कप में कप्तानी के रोल में दिखेंगे.
ये भी पढ़ें: IND vs NZ: कीवी कप्तान मिचेल सैंटनर का बड़ा धमाका…भारत की हार में PAK को झटका, तोड़ दिया हारिस रऊफ का बड़ा रिकॉर्ड