राजगढ़ जिले के खिलचीपुर में गुरुवार शाम तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर बड़े पुल की रेलिंग तोड़ते हुए करीब 25 फीट नीचे गाड़ गंगा नदी में जा गिरी। हादसे में कार चालक को गंभीर चोटें आई हैं, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद पहले जिला अस्पताल और फिर भोपाल रेफर किया गया है। हादसा गुरुवार शाम करीब 7 बजे श्रीराम पेट्रोल पंप के आगे स्थित गाड़ गंगा नदी के छोटे पुल पर हुआ। राजगढ़ के बाराद्वारी निवासी कपिल सेन (48) ब्लू रंग की स्विफ्ट कार से खिलचीपुर की ओर से राजगढ़ लौट रहे थे। इसी दौरान कार अचानक बेकाबू हो गई और तेज रफ्तार में पुल की रेलिंग तोड़ते हुए सीधे नदी में जा गिरी। घटना के समय नदी में मात्र करीब 2 फीट पानी था, जिससे बड़ा जानलेवा हादसा टल गया। ऊंचाई से नीचे गिरने के कारण कार के परखच्चे उड़ गए और वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। कार नदी में पड़ी रही, जिसे देखकर मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने कार में फंसे व्यक्ति को निकाला
स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही खिलचीपुर थाना प्रभारी उमाशंकर मुकाती पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस और स्थानीय नागरिकों की मदद से कार के अंदर फंसे घायल चालक को बाहर निकाला गया और तुरंत निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों के अनुसार चालक के सिर में गंभीर चोट आई है। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर यातायात सुचारू कराया और टूटी रैलिंग के यह बेरीकैड्स लगाए। पुलिस का कहना है कि हादसे के कारण की जांच की जा रही है। गंभीर हालत में भोपाल रेफर
घायल की बहन ने बताया कि उनके भाई कपिल सेन विद्युत विभाग में लाइनमैन के पद पर कार्यरत हैं और वर्तमान में भोजपुर में पदस्थ हैं। ड्यूटी समाप्त होने के बाद वे घर लौट रहे थे। वे राजगढ़ के परेड ग्राउंड के पीछे स्थित बाराद्वारी क्षेत्र में रहते हैं और रोज राजगढ़ से भोजपुर अपडाउन करते हैं। गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें राजगढ़ से भोपाल रेफर किया गया है। परिवार में हम दो बहनें, मां और भाभी हैं। कपिल सेन परिवार के इकलौते बेटे हैं, जबकि उनके पिता का पहले ही निधन हो चुका है। हमारे भाई के दो बेटे हैं।
देखिए हादसे की तस्वीरें…
Source link