पाकिस्तान के पूर्व कप्तान राशिद लतीफ ने अपने एक बयान से हड़कंप मचा दिया है. राशिद लतीफ ने पाकिस्तान क्रिकेट टीम को टी20 वर्ल्ड कप 2026 के दौरान विरोध का एक अलग तरीका सुझाया है. राशिद लतीफ के मुताबिक पाकिस्तान टी20 वर्ल्ड कप 2026 टूर्नामेंट में हिस्सा ले सकता है, लेकिन भारत के खिलाफ मैच खेलने से मना कर सकता है. हालांकि, उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि ऐसा कोई भी फैसला क्रिकेट बोर्ड के बजाय पाकिस्तानी सरकार को लेना होगा.
पूर्व कप्तान के बयान ने आग में डाला घी
राशिद लतीफ ने कहा, ‘अगर सरकार कहती है कि हम भारत के खिलाफ नहीं खेलेंगे, तो ICC को इसे मानना ही होगा. अगर वे ऐसा नहीं करते हैं, तो असली टकराव वहीं से शुरू होगा.’ जब राशिद लतीफ से पूछा गया कि अगर भारत और पाकिस्तान फाइनल में मिलते हैं तो क्या होगा, तो राशिद लतीफ ने जवाब दिया, ‘नहीं खेलेंगे.’ राशिद लतीफ ने पहले पाकिस्तान से टी20 वर्ल्ड कप का बॉयकॉट करने की अपील की थी, ताकि वे भारत के ग्लोबल क्रिकेट एडमिनिस्ट्रेशन पर असर को चुनौती दे सकें. राशिद लतीफ ने बुधवार को कहा कि यह मौका तब हाथ से निकल गया, जब पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने बांग्लादेश को इवेंट से बाहर किए जाने के तुरंत बाद कोई कार्रवाई नहीं की.
भारत के खिलाफ मैच का बॉयकॉट करेगा पाकिस्तान?
राशिद लतीफ ने YouTube चैनल CaughtBehind पर कहा, ‘हर फैसले का एक सही समय होता है. जब लोहा गरम हो, तभी चोट करनी चाहिए. वह समय पिछले हफ्ते ICC मीटिंग के दौरान था.’ बांग्लादेश की जगह स्कॉटलैंड को शामिल किया गया क्योंकि उनके पार्टिसिपेशन के खिलाफ 14 वोट पड़े, ICC ने इसके लिए लॉजिस्टिक्स और कॉन्ट्रैक्ट से जुड़े मुद्दों का हवाला दिया. पाकिस्तान ने वोटिंग में बांग्लादेश का साथ दिया, लेकिन आखिर में उसने फाइनल फैसले को मान लिया.
‘वह चैप्टर अब खत्म हो गया’
राशिद लतीफ ने कहा, ‘हमने अपना सपोर्ट दिखाया. हमने उनके लिए वोट किया. वह चैप्टर अब खत्म हो गया है. अगर हम अब बॉयकॉट करते हैं, तो उसका वैसा असर नहीं होगा.’ पाकिस्तान के चेयरमैन मोहसिन नकवी ने इस हफ्ते की शुरुआत में संकेत दिया था कि बोर्ड बांग्लादेश जैसा ही कोई सैद्धांतिक रुख अपना सकता है, लेकिन कोई औपचारिक घोषणा नहीं हुई. T20 वर्ल्ड कप हाइब्रिड मॉडल के तहत पाकिस्तान की भागीदारी के साथ आगे बढ़ेगा, जिसमें भारत से जुड़े मैच 2027 तक न्यूट्रल जगहों पर खेले जाएंगे.