Adam Zampa Record: टी20 विश्व कप 2026 से पहले ऑस्ट्रेलिया के स्टार स्पिनर एडम ज़ंपा ने कमाल की बॉलिंग की है. भले ही पाकिस्तान के खिलाफ उनकी टीम हार गई, लेकिन ज़ंपा के लिए यह मुकाबला बेहद खास रहा. उन्होंने लाहौर की पिच पर जादुई गेंदबाजी का नजारा पेश किया. 4 ओवरों में 24 रन देकर 4 विकेट निकाले और पाकिस्तान की कमर तोड़ दी. हालांकि बल्लेबाजों के खराब प्रदर्शन के चलते कंगारू टीम को हार झेलनी पड़ी, क्योंकि 169 रनों का पीछा करते हुए ऑस्ट्रेलिया 8 विकेट खोकर सिर्फ 146 रन ही बना सकी और 22 रनों से मैच हार गई.
अब सवाल ये है कि आखिर ज़ंपा के लिए यह मुकाबला कैसे खास बन गया? आखिर कैसे उन्होंने एक तीर से दो शिकार कर दिए? ज़ंपा के लिए यह मैच इसलिए खास था, क्योंकि टी20 विश्व कप 2026 से पहले वो बढ़िया लय में दिखे. 4 विकेट लेकर उन्होंने पाकिस्तान के खिलाफ टी20 इंटरनेशनल में ऑस्ट्रेलिया के लिए इतिहास रच दिया. वो इस फॉर्मेट में पाकिस्तान के खिलाफ सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले कंगारू बॉलर बन गए हैं. उन्होंने मिचेल स्टार्क का रिकॉर्ड तोड़ा.
मिचेल स्टार्क का रिकॉर्ड तोड़ा?
लाहौर के गद्दाफी स्टेडियम में जंपा ने पाकिस्तान के 4 विकेट निकाले. सबसे पहले सैम अयूब का शिकार किया, फिर सलमान आगा को चलता किया. इसके बाद बाबर आज़म और फिर उस्मान खान को भी आउट कर दिया. पाकिस्तान के खिलाफ ज़ंपा के अब 12 मैचों में कुल 16 विकेट हो गए हैं, जबकि स्टार्क ने 9 मैचों में 15 विकेट निकाले थे. इस लिस्ट में नंबर तीन पर डर्क नैनस और एंड्रू टाय हैं, जिन्होंने 15-15 विकेट निकाले थे.
एक तीर से कैसे किए 2 शिकार?
अब ये भी जान लीजिए कि ज़ंपा ने एक तीर से कैसे दो शिकार किए. पहला ये कि स्टार्क का रिकॉर्ड तोड़कर वो पाकिस्तान के खिलाफ ऑस्ट्रेलिया के लिए टी20 इंटरनेशनल में नंबर 1 बॉलर बन चुके हैं. दूसरा ये कि टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे ज्यादा विकेट निकालने के मामले में उन्होंने न्यूजीलैंड के स्पिनर गेंदबाज मिचेल सैंटनर को पीछे छोड़ दिया. ज़ंपा के अब 109 मैचों में 138 विकेट हो चुके हैं, जबकि सैंटनर ने 126 मैचों में 134 विकेट निकाले थे. पूरी दुनिया में टी20 में सबसे ज्यादा विकेट लेने का रिकॉर्ड अफगानिस्तान के राशिद खान के नाम दर्ज है, जिन्होंने 111 मैचों में 187 शिकार किए हैं.
ये भी पढ़ें: T20 World Cup 2026 से ठीक पहले NZ ने टीम में अचानक बुलाया घातक तेज गेंदबाज, 15 विकेट चटकाने के बाद हुई एंट्री