मंदसौर सहित पूरे अंचल में इन दिनों ठंड का दौर लगातार बना हुआ है। तापमान में रोज़ाना उतार-चढ़ाव के चलते सर्दी ने लोगों की दिनचर्या प्रभावित कर दी है। ठंड से बचाव के लिए लोग जगह-जगह अलाव जलाकर राहत लेते नजर आ रहे हैं, वहीं सुबह और रात के समय घना कोहरा छाए रहने से सड़कों पर आवागमन कठिन हो गया है। गुरुवार रात जिले में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि शुक्रवार सुबह पूरा मंदसौर शहर ओस और कोहरे की चादर में लिपटा नजर आया। सुबह तापमान 9.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया और विजिबिलिटी घटकर महज़ 100 मीटर रह गई, जिससे वाहन चालकों और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। मौसम विभाग के अनुसार गुरुवार को जिले का न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि ठंड का यह असर आगामी कुछ दिनों तक इसी तरह बना रहने की संभावना है। कोहरे का सीधा असर रेल यातायात पर भी देखने को मिला। घने कोहरे के कारण कई ट्रेनें निर्धारित समय पर स्टेशन नहीं पहुंच सकीं। भगत की कोठी एक्सप्रेस लगभग 30 मिनट की देरी से मंदसौर पहुंची, जबकि इंदौर-जोधपुर एक्सप्रेस भी करीब आधा घंटा लेट मंदसौर स्टेशन पहुंची। ट्रेनों के विलंब से यात्रियों को स्टेशन पर इंतजार करना पड़ा। मौसम वैज्ञानिक अरुण शर्मा ने बताया कि वेस्टर्न डिस्टरबेंस के प्रभाव से प्रदेश में एक बार फिर मौसम में बदलाव आने वाला है। उन्होंने जानकारी दी कि 31 जनवरी तथा 1 और 2 फरवरी को बारिश होने की संभावना है, जिसके लिए अलर्ट जारी किया गया है। हालांकि, बारिश से पहले कुछ दिनों तक कोहरे का असर बना रहेगा और ठंड से राहत मिलने के आसार कम हैं।
Source link