राजगढ़ जिले के जीरापुर थाना क्षेत्र के ग्राम बर्मनखेड़ी में कुएं से पानी निकालने को लेकर चला आ रहा पारिवारिक विवाद गुरुवार रात फिर हिंसा में बदल गया। इंदौर से आए युवकों की एंट्री के बाद गांव में लाठी और चाकुओं से हमला किया गया। घटना में तीन लोगों को गंभीर चोटें आई हैं, जिन्हें जीरापुर सिविल अस्पताल से प्राथमिक उपचार के बाद रेफर किया गया। फिलहाल तीनों घायलों का इलाज आगर मालवा में जारी है। पहले भी थाने तक पहुंच चुका था विवाद
पुलिस के अनुसार 28 जनवरी 2026 को ग्राम बर्मनखेड़ी में मोहन गोस्वामी और रामलाल गोस्वामी के बीच कुएं के पानी को लेकर विवाद हुआ था। इस मामले में दोनों पक्षों की ओर से जीरापुर थाने में अलग-अलग प्रकरण दर्ज किए गए थे। हालांकि पुलिस कार्रवाई के बावजूद विवाद शांत नहीं हुआ और दोनों पक्षों के बीच तनाव लगातार बना रहा। इंदौर से पहुंचे युवक, गांव में हुआ हमला
इसी विवाद की कड़ी में रामलाल गोस्वामी का 17 वर्षीय नाबालिग बेटा, जो इंदौर में रह रहा है, गुरुवार रात अपने कुछ दोस्तों के साथ गांव बर्मनखेड़ी पहुंचा। आरोप है कि गांव पहुंचते ही युवकों ने हेमराज गोस्वामी, लखनलाल गोस्वामी, धर्मराज गुर्जर, विपाशा गोस्वामी, विक्रम सोधिया और देवकरण गुर्जर के साथ मारपीट शुरू कर दी। हमले के दौरान लाठी और चाकुओं का इस्तेमाल किया गया। तीन लोग गंभीर रूप से घायल मारपीट में विक्रम सोधिया, देवकरण गुर्जर, धर्मराज गुर्जर को गंभीर चोटें आईं। तीनों घायलों को पहले जीरापुर सिविल अस्पताल लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर उन्हें बाहर रेफर कर दिया गया। वर्तमान में तीनों का इलाज आगर मालवा में चल रहा है। हत्या के प्रयास और बलवा का केस दर्ज
घटना के बाद फरियादी हेमराज गोस्वामी की रिपोर्ट पर जीरापुर थाना पुलिस ने अपराध क्रमांक 28/26 दर्ज किया है। मामले में तीन नाबालिग सहित कुल आठ आरोपियों के खिलाफ बलवा और हत्या के प्रयास की धाराओं में प्रकरण पंजीबद्ध किया गया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि शेष आरोपियों की तलाश की जा रही है। जीरापुर थाना पुलिस का कहना है कि आरोपी और फरियादी पक्ष आपस में एक ही परिवार से जुड़े हुए हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि पहले दर्ज प्रकरणों के बावजूद विवाद पूरी तरह समाप्त नहीं हुआ था। गुरुवार रात इंदौर से आए युवकों के गांव पहुंचने के बाद स्थिति अचानक हिंसक हो गई। गांव में पुलिस निगरानी, जांच जारी
घटना के बाद गांव में तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस निगरानी बढ़ा दी गई है। अतिरिक्त बल तैनात किया गया है और पूरे मामले की विस्तृत जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
Source link