Last Updated:
मैहर क्षेत्र के शासकीय हाई स्कूल भटिगंवा में बच्चों को रद्दी कागज और किताबों के फटे पन्नों पर खास भोजन खिलाया गया था. अब इसके बाद अब कमिश्नर ने स्कूल के प्रिंसिपल को निलंबित कर दिया है.
Mid day Meal: गणतंत्र दिवस 2026 पर मध्य प्रदेश के सतना जिले के मैहर क्षेत्र से एक शर्मसार कर देने वाली तस्वीर सामने आई थी, जब शासकीय हाई स्कूल भटिगंवा में बच्चों को रद्दी कागज और किताबों के फटे पन्नों पर हलुआ और पूड़ी परोसी गई. इसने मिड-डे व्यवस्थाओं की पोल पूरी तरह से खोल दी थी, अब इस मामले पर प्रशासन ने सख्त एक्शन लिया है और घोर लापरवाही बरतने पर रीवा संभाग के कमिश्नर बीएस जामोद ने स्कूल के प्रभारी प्राचार्य सुनील कुमार त्रिपाठी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है.
प्रिंसिपल ने नहीं दिया जवाब
हैरानी की बात यह है कि प्रशासन ने प्रिंसिपल सुनील कुमार त्रिपाठी को सफाई देने का मौका दिया था,लेकिन उन्होंने नोटिस का जवाब देना भी मुनासिब नहीं समझा है. घटना के बाद सरकार की किरकिरी होने के बाद मैहर कलेक्टर ने प्राचार्य के निलंबन का प्रस्ताव कमिश्नर को भेजा था. कमिश्नर कार्यालय ने सुनील त्रिपाठी को ‘कारण बताओ नोटिस’ जारी किया और 2 दिन के भीतर जवाब मांगा. लेकिन निर्धारित समय सीमा बीत जाने के बाद भी प्रभारी प्राचार्य ने कोई जवाब प्रस्तुत नहीं किया. उनकी इस चुप्पी और लापरवाही को देखते हुए कमिश्नर ने निलंबन की कार्रवाई की है.
शुरुआत में रद्दी कागज पर खाते हुए बच्चों के कई वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुए थे. इसके बाद जिला शिक्षा अधिकारी के द्वारा स्कूल का निरीक्षण किया गया. प्रिंसिपल से जवाब मांगा गया और फिर रिपोर्ट तैयार की गई. इसके बाद एक्शन लिया गया है.
पन्ना में भी बच्चों को मिल रहा था खराब गुणवत्ता वाला भोजन
पन्ना जनपद के अंतर्गत ग्राम पंचायत गहरा से मिड-डे मील योजना में भारी लापरवाही का मामला सामने आया था. यहां शासकीय स्कूल में पढ़ने वाले नौनिहालों को जंग लगी और गंदी थालियों में भोजन परोसा गया था. यहां पर मिड-डे मील की भोजन गुणवत्ता भी बहुत खराब रही और पानी में सब्जी के नाम पर आलू तैरते हुए दिखाई दिए. यहां तक बच्चों से ही बर्तन धुलवाए जा रहे.