Last Updated:
जबलपुर की SP की पाठशाला में अभ्यर्थियों को मुफ्त में फिजिकल ट्रेनिंग दी जा रही है. खास बात यह है कि इस ट्रेनिंग में खुद पुलिस अधिकारी युवाओं को दौड़, ऊंची कूद, लंबी कूद, गोला फेंक और अन्य शारीरिक परीक्षणों की बारीकियां सिखाते हैं.
यदि आप जबलपुर से हैं और आप एमपी पुलिस कांस्टेबल भर्ती का रिटर्न एग्जाम पास कर चुके हैं. इसके बाद फिजिकल की तैयारी करने के बारे में सोच रहे हैं. तब इससे बेहतर मौका आपको नहीं मिलेगा, क्योंकि जबलपुर की SP की पाठशाला में अभ्यर्थियों को मुफ्त में फिजिकल ट्रेनिंग दी जा रही है. खास बात यह है कि इस ट्रेनिंग में खुद पुलिस अधिकारी युवाओं को दौड़, ऊंची कूद, लंबी कूद, गोला फेंक और अन्य शारीरिक परीक्षणों की बारीकियां सिखाते हैं.
फिजिकल कोच सतीश डेहरिया ने कही ये बात
एमपी की पाठशाला के फिजिकल कोच सतीश डेहरिया ने बताया पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय के मार्गदर्शन में आगामी मध्यप्रदेश पुलिस आरक्षक भर्ती की शारीरिक दक्षता परीक्षा की तैयारी के लिए ‘SP की पाठशाला’ के माध्यम से पुलिस ग्राउंड में निःशुल्क प्रशिक्षण दिया जा रहा है. यह प्रशिक्षण अनुभवी और चयनित पुलिस जवानों द्वारा प्रतिदिन सुबह 5:30 बजे से 10:00 बजे तक दिया जाता है.
पुलिस ग्राउंड में कराई जाती है फिजिकल तैयारियां
अभ्यर्थियों को दौड़ शॉटपुट और लॉन्ग जंप का अभ्यास कराया जाता है, जिससे वे शारीरिक परीक्षा की बेहतर तैयारी कर सकें. उन्होंने बताया कार्यक्रम का उद्देश्य योग्य युवाओं को सही मार्गदर्शन के साथ ही अभ्यास उपलब्ध कराकर पुलिस सेवा के लिए तैयार करना है. यही कारण है कि जबलपुर जिले में लिखित परीक्षा पास कर चुके अभ्यर्थियों के लिए बेहतर मौका है, जो जबलपुर के पुलिस ग्राउंड से आकर फिजिकल की तैयारी आसानी से कर सकते हैं.
पुलिस भर्ती की तरह दिए जाते हैं नंबर
फिजिकल कोच सतीश डेहरिया ने कहा कि अभ्यर्थियों को इसमें शामिल होने के लिए महज एक फॉर्म भरना होगा. जिसमें अभ्यर्थियों को अपनी जानकारी देनी होगी. ट्रेनिंग के दौरान बकायदा एमपी पुलिस की तरह फिजिकल टेस्ट में नंबर भी दिए जाते हैं, जिसके माध्यम से अभ्यर्थी को अपनी प्रतिभा का पता चलता है और स्कोरकार्ड के हिसाब से प्रतिभागी मेहनत करते हैं.
हर इवेंट के लिए अलग-अलग एक्सपर्ट्स की टीम
उन्होंने बताया फिजिकल के लिए अलग-अलग एक्सपर्ट्स की टीम अभ्यर्थियों को तैयार करती है. जिसमें सूबेदार योगेश चौकसे के साथ आर्मी से रिटायर्ड प्रदीप कुमार पटेल और राहुल ठाकुर लॉन्ग जंप की तैयारी करते हैं. इसके साथ ही नितेश सर और उपेंद्र गौतम शॉट पुट और मैं रनिंग की तैयारी कराता हूं. इस तरह अलग-अलग इवेंट के एक्सपर्ट्स प्रतिभागियों को ग्राउंड में तैयार करते हैं.