14 साल की उम्र में भारत के युवा स्टार वैभव सूर्यवंशी ने बड़े-बड़े गेंदबाजों के जहन में अपना खौफ पैदा कर दिया है. अंडर-19 वर्ल्ड कप में भी वैभव प्रचंड फॉर्म में नजर आ रहे हैं. इस बीच पूर्व क्रिकेटर ने उनकी टीम इंडिया में एंट्री के लिए मुहूर्त निकाल दिया है. उन्होंने बताया कि ये समय उनकी टीम इंडिया में एंट्री के लिए बेस्ट है. ये कोई और नहीं बल्कि सबा करीम ने कहा है जो वैभव की विस्फोटक बल्लेबाजी के कायल हो चुके हैं.
वैभव की एक के बाद एक दमदार पारी
अंडर -19 वर्ल्ड कप में वैभव सूर्यवंशी अपने बल्ले से कहर बरपाते नजर आ रहे हैं. उन्होंने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी से विरोधी टीमों की नाक में दम कर दिया है. 1 फरवरी को टीम इंडिया कट्टर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान के खिलाफ खेलने उतरेगी. सभी की नजरें इस मैच में वैभव पर होंगी क्योंकि अभी तक टूर्नामेंट में उन्होंने उन्होंने पिछले तीन मुकाबलों में 72, 40 और 52 रन की पारी खेल चुके हैं.
क्या बोले सबा करीम?
वैभव सूर्यवंशी के प्रदर्शन पर सबा करीम ने कहा, ‘वह बहुत प्रतिभाशाली हैं. उन्हें देखकर मुझे बहुत खुशी हुई. मुझे लगता है कि अब उन्हें इंडियन नेशनल टीम में शामिल करने का समय आ गया है. यह अच्छी बात है कि वैभव सूर्यवंशी पर नजर रखी जा रही है. स्टेट एसोसिएशन के लोग काम कर रहे हैं. बीसीसीआई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस भी अपना काम कर रहा है. आईपीएल फ्रेंचाइजी राजस्थान रॉयल्स भी उन पर ध्यान दे रही है. बहुत जल्द ऐसा समय आएगा, जब हम उन्हें नेशनल टीम में देखेंगे.’
ये भी पढे़ं.. इस खिलाड़ी ने ठोके हैं इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे ज्यादा छक्के, दुनिया में है नंबर 1
वैभव के नाम आईपीएल में बड़े रिकॉर्ड्स
वैभव सूर्यवंशी इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में शतक लगाने वाले सबसे युवा खिलाड़ी हैं, जिन्होंने 14 साल 32 दिन की उम्र में यह कारनामा किया था, उन्होंने आईपीएल 2025 में राजस्थान रॉयल्स की तरफ से खेलते हुए गुजरात टाइटंस के विरुद्ध महज 35 गेंदों में शतक लगाया था. यह आईपीएल इतिहास का दूसरा सबसे तेज शतक भी है. इस मामले में क्रिस गेल शीर्ष पर हैं, जिन्होंने 23 अप्रैल 2013 को आरसीबी की ओर से खेलते हुए पुणे वॉरियर्स के खिलाफ 30 गेंदों में सेंचुरी लगाई थी.