Unique cricket record: अगर आप क्रिकेट के दीवाने हैं तो यह रिकॉर्ड आपको चौंका देगा. चौंका इसलिए देगा, क्योंकि शायद आप इस बात पर यकीन नहीं कर पाएंगे कि 20 साल तक क्रिकेट खेलने वाला एक दिग्गज शतकों की बारिश करता है, रनों का अंबार लगाता है और 12 दोहरे शतकों का वर्ल्ड रिकॉर्ड भी बनाता है, लेकिन वो पूरे करियर में सिर्फ 6 छक्के लगा पाता है. यह एक ऐसा रिकॉर्ड है, जो क्रिकेट की दुनिया में अनोखा और हैरान करने वाला कहा जाता है. ये कमाल जिस दिग्गज ने किया था, उसके आसपास क्रिकेट की दुनिया के महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर, ब्रायन लारा जैसे धुरंधर भी नहीं पहुंच पाए हैं.
20 साल के करियर में 12 दोहरे शतक लगाने के बाद भी बल्ले से सिर्फ 6 छक्के मारने वाले दिग्गज का नाम सर डॉन ब्रैडमैन है, जो अब इस दुनिया में नहीं हैं. ऑस्ट्रेलिया के इस पूर्व बल्लेबाज ने टेस्ट में सबसे ज्यादा 12 दोहरे शतक लगाने का प्रचंड रिकॉर्ड बनाया है. 1928 से लेकर 1948 तक उन्होंने क्रिकेट खेला और अपने दौर में क्रिकेट की दुनिया पर राज किया. वो गेंदबाजों के लिए किसी काल से कम नहीं थे. जो एक बार क्रीज पर गए तो समझो पूरा दिन बल्लेबाजी करते थे. उन्हें आउट करने में कई गेंदबाज थक जाते थे.
किन टीमों के खिलाफ लगाए छक्के?
20 साल के करियर में सर डॉन ब्रैडमैन ने सिर्फ 6 सिक्स मारे हैं. ये सभी सिक्स सिर्फ 2 पारियों में आए. उन्होंने एक बार इंग्लैंड के खिलाफ खेलते हुए 5 छक्के ठोके थे, जबकि एक सिक्स भारत के खिलाफ लगाया था. इंटरनेशनल करियर में उनके नाम कुल 681 चौके दर्ज हैं.
टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा दोहरे शतक लगाने वाले धुरंधर
- सर डॉन ब्रैडमैन (ऑस्ट्रेलिया)- 12 दोहरे शतक
- कुमार संगकारा (श्रीलंका)- 11 दोहरे शतक
- ब्रायन लारा (वेस्टइंडीज)- 9 दोहरे शतक
- विराट कोहली (भारत)- 7 दोहरे शतक
- महेला जयवर्धने (श्रीलंका)- 7 दोहरे शतक
सचिन तेंदुलकर भी मानते हैं आदर्श
सर डॉन ब्रैडमैन की खास बात ये थी कि उन्होंने अपने करियर में 6,996 टेस्ट रन बनाए हैं, जिसमें उनका बैटिंग औसत 99.94 का रहा. यह आज भी क्रिकेट इतिहास में सबसे बेस्ट औसत है, जिसे तोड़ना अब लगभग असंभव सा लगता है. इतना ही नहीं, ब्रैडमैन ने 52 टेस्ट मैचों में 12 दोहरे शतक जमाए हैं, जिनमें से 2 दफा 300 रनों का आंकड़ा पार किया. वो एक बार 299 रन पर आउट भी हुए थे. यही वजह है कि क्रिकेट में महान बल्लेबाजों की बात होती है तो सचिन तेंदुलकर, ब्रायन लारा, गैरी सोबर्स, शेन वॉर्न जैसे कई नाम सामने आते हैं, लेकिन इन सभी से ऊपर जो नाम आता है, वो सर डॉन ब्रैडमैन का है. खुद सचिन तेंदुलकर इस दिग्गज को अपना आदर्श मानते हैं. उनका ये 12 दोहरे शतकों का रिकॉर्ड सालों तक टूटना मुश्किल लगता है.
न्यू साउथ वेल्स में हुआ था जन्म
दाएं हाथ के दिग्गज बल्लेबाज सर डॉन ब्रैडमैन का जन्म 27 अगस्त 1908 को न्यू साउथ वेल्स, ऑस्ट्रेलिया में हुआ था. उन्होंने सिर्फ 20 साल की उम्र में ऑस्ट्रेलिया के लिए डेब्यू किया था. 30 नवंबर 1928 को उन्होंने डेब्यू किया और आखिरी मैच 1948 में खेला. करियर में कुल 52 टेस्ट ही खेले. उनके करियर की बात करें तो सर डॉन ब्रैडमैन ने 1928 से लेकर 1948 तक ऑस्ट्रेलिया के लिए 52 टेस्ट खेले, जिनमें 99.94 की औसत से 29 शतक और 13 अर्धशतक लगाते हुए 6,996 रन बनाए थे.
ये भी पढ़ें: IND vs NZ 5th T20I: ‘बोझ’ बन चुके इस खिलाड़ी के पास आखिरी मौका, अगर फ्लॉप हुआ तो पूरे विश्व कप में बेंच करेगा गर्म!