Arjun Tendulkar Record: क्रिकेट की दुनिया में अगर कोई सबसे बड़ा खिलाड़ी है तो वो सचिन तेंदुलकर हैं, जिनके नाम सबसे सैकड़ों रिकॉर्ड दर्ज हैं. उन्होंने सबसे ज्यादा रन, सबसे ज्यादा शतक, सबसे ज्यादा फिफ्टी का वर्ल्ड रिकॉर्ड अपने नाम किया हुआ है. मतलब ये कि रिकॉर्ड बुक इस दिग्गज के नाम से भरी पड़ी है. सचिन ना सिर्फ बल्ले से बल्कि गेंद से भी योगदान देते थे. उनके नाम 200 से ज्यादा इंटरनेशनल विकेट हैं. टेस्ट में उन्होंने 154, वनडे में 48 और टी20 में एक शिकार किया है.
सचिन तेंदुलकर के नाम फर्स्ट क्लास में 71 विकेट दर्ज हैं. अब इसी रिकॉर्ड के पीछे उनके बेटे अर्जुन तेंदुलकर पड़े हुए हैं. इस रिकॉर्ड की तरफ तेजी से भाग रहे अर्जुन ने शुक्रवार को कमाल किया. उन्होंने फर्स्ट क्लास करियर में 50 विकेट पूरे कर लिए हैं. इन दिनों वो रणजी ट्रॉफी 2025-26 के दूसरे चरण में गोवा के लिए खेल रहे हैं.
रणजी ट्रॉफी 2025-26 के इस सीजन में वो बढ़िया फॉर्म में हैं. गोवा के लिए 2022-23 में डेब्यू करने से लेकर अब तक उन्होंने इस टीम के लिए 50 विकेट लिए हैं. इनमें से 13 विकेट तो मौजूदा सीजन में आए हैं.
22 विकेट लेते ही सचिन से आगे निकलेंगे
फर्स्ट क्लास क्रिकेट में 50 विकेट पूरे करने के बावजूद, अर्जुन अभी भी अपने पिता का रिकॉर्ड तोड़ने से पीछे हैं, जो उनसे 21 विकेट आगे हैं. फर्स्ट क्लास क्रिकेट में सचिन के 71 विकेट दर्ज हैं. अब इस रिकॉर्ड को तोड़ने के लिए अर्जुन को 22 विकेट की दरकार है.
अर्जुन तेंदुलकर का घरेलू क्रिकेट करियर
अर्जुन तेंदुलकर ने फर्स्ट क्लास में अब तक 23 मैच खेलकर 1 शतक और 2 फिफ्टी के दम पर 625 रन बनाए और गेंद से 50 विकेट निकाले. लिस्ट ए में वो 24 मैच खेलकर 1146 रन बना चुके हैं और गेंद से 26 विकेट निकाले. टी20 के 29 मैचों में 35 विकेट निकालने के साथ 189 रन बनाए हैं.
आईपीएल 2026 में लखनऊ के लिए खेलेंगे अर्जुन
सचिन जहां महान बल्लेबाज हुए तो वहीं उनके बेटे अर्जुन एक तेज गेंदबाजी ऑलराउंडर हैं. उन्होंने घरेलू क्रिकेट में अपना एक अलग रास्ता बनाया है. मुंबई में अपने शुरुआती दिनों से लेकर गोवा के लिए एक महत्वपूर्ण गेंदबाजी ऑलराउंडर बनने तक. अर्जुन को 2021 के आईपीएल सीजन में मुंबई इंडियंस (MI) ने 20 लाख रुपये की बेस प्राइस पर खरीदा था, लेकिन चोट के चलते वो बाहर हो गए थे. 2023 में उन्हें आईपीएल में डेब्यू का मौका मिला. 2024 में वो बेंच पर रहे. 2025 की नीलामी में मुंबई ने 30 लाख में फिर से साइन किया, लेकिन एक भी मौका नहीं मिला. अब अगले सीजन वो लखनऊ टीम में शामिल किए गए हैं, देखना होगा कि उन्हें ऋषभ पंत की कप्तानी में मौका मिलता है या नहीं.