IND vs NZ: भारत और न्यूजीलैंड के बीच 5वां टी20 मुकाबला फैंस के लिए पैसा वसूल साबित हुआ. संजू सैमसन के होमग्राउंड पर सैमसन का जलवा देखने आए फैंस उनके विकेट के बाद निराश थे, लेकिन ईशान किशन ने दिन बना दिया. भारत ने मुकाबले में 46 रन से रिकॉर्डतोड़ जीत दर्ज की. मुकाबला एकतरफा रहा क्योंकि बैटिंग में ईशान किशन छाए तो गेंदबाजी में अर्शदीप सिंह ने मेहमान टीम की धज्जियां उड़ा डालीं. टी20 वर्ल्ड कप 2026 से पहले टीम इंडिया ने अपनी जीत का डंका पूरी दुनिया में पीट दिया है.
भारत ने जीता था टॉस
टीम इंडिया ने मुकाबले में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला लिया था. बैटिंग में हमेशा की तरह अभिषेक शर्मा ने ताबड़तोड़ अंदाज में मुकाबले की शुरुआत की. हालांकि, 16 गेंद में 30 रन की पारी खेलकर अपना विकेट गंवा बैठे. सैमसन घर में भी ढेर हो गए. लेकिन इसके बाद ईशान किशन और सूर्यकुमार यादव ने अपनी बल्लेबाजी से मैच को सिनेमा बना दिया. ईशान ने महज 28 गेंद में फिफ्टी ठोकी और इसके बाद भी नहीं रुके. उन्होंने 42 गेंद में सेंचुरी ठोक तबाही मचा डाली और 103 रन की पारी खेलकर आउट हुए. उन्होंने अपनी पारी में 10 छक्के और 6 चौके जमाए.
सूर्या-हार्दिक का भी जलवा
सिर्फ ईशान ही नहीं बल्कि सूर्यकुमार यादव और हार्दिक पांड्या का भी जलवा देखने को मिला. सूर्यकुमार यादव ने 6 छक्कों जबकि 4 चौकों के दम पर 30 गेंद में 63 रन की पारी खेली. वहीं, हार्दिक ने 17 गेंद में 4 छक्के और 1 चौके की बदौलत 42 रन ठोक टीम के स्कोर को 271 तक पहुंचा दिया. जवाब में न्यूजीलैंड की पारी में फिन एलेन ने मैच में जान डाली लेकिन जीत दिलाने में कामयाब नहीं हुए.
ये भी पढे़ं… डेढ़ साल के इंतजार के बाद खौफनाक अवतार.. ईशान ने शतक से पूरा किया कमबैक ‘मिशन’
बॉलिंग में अर्शदीप सिंह का जलवा
बॉलिंग में अर्शदीप सिंह का जलवा देखने को मिला जबकि स्टार जसप्रीत बुमराह पूरी तरह से फ्लॉप हो गए. बुमराह पर मेहमान टीम के बल्लेबाजों ने 58 रन ठोक डाले और एक भी विकेट हासिल नहीं हुआ. अर्शदीप सिंह ने पंजा खोला और अक्षर पटेल के खाते 3 विकेट आए. न्यूजीलैंड की तरफ से फिन एलेन ने 38 गेंद में 6 छक्कों जबकि 8 चौकों की बदौलत 80 रन की पारी खेली. इसके अलावा कोई भी कीवी बल्लेबाज बड़ी पारी नहीं खेल सका.