रिपोर्टर आशीष पांडे,
Deendayal Antyodaya Kitchen Scheme: शिवपुरी में अगर आप अपने लिए सस्ता और भरपेट भोजन ढूंढ रहे हैं, तो शिवपुरी जिले के पुराने बस स्टैंड के पास संचालित दीनदयाल अंत्योदय रसोई योजना आम जनता के लिए एक बड़ी राहत बनकर सामने आई है. नगर पालिका द्वारा संचालित इस योजना के अंतर्गत केवल ₹5 में पौष्टिक और पर्याप्त भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है, जिससे रोज़ाना सैकड़ों जरूरतमंद लोगों का पेट भर रहा है. दीनदयाल योजना मुख्य रूप से आश्रयहीन, गरीब, मजदूर, बुजुर्ग और जरूरतमंद लोगों को ध्यान में रखकर शुरू की गई है, लेकिन खास बात यह है कि आम आदमी भी इस रसोई में जाकर ₹5 में भोजन कर सकता है.यहां मिलने वाले भोजन में रोटी, सब्जी और चावल शामिल होते हैं, जो इस महंगाई के दौर में बेहद राहत देने वाला है.
रसोई में भोजन करने पहुंचे लोगों का कहना है कि ₹5 में उन्हें इतना खाना मिल जाता है कि पेट आसानी से भर जाता है. कई लोगों ने बताया कि वे रोज़ यहीं भोजन करते हैं, क्योंकि यह सस्ता होने के साथ-साथ समय पर और व्यवस्थित ढंग से उपलब्ध कराया जाता है. कुछ लोगों ने यह भी कहा कि अगर कभी पेट नहीं भरता, तो वे दोबारा ₹5 देकर फिर से भोजन ले लेते हैं, जिससे कुल ₹10 में भरपेट खाना मिल जाता है.
₹5 की थाली में क्या-क्या मिलता है
इस योजना को लेकर स्थानीय लोगों में सरकार के प्रति सकारात्मक प्रतिक्रिया देखने को मिल रही है. लोगों का मानना है कि यह योजना गरीब और मजदूर वर्ग के लिए एक सराहनीय पहल है. हालांकि, कुछ लोगों ने गुणवत्ता को लेकर सुझाव भी दिए हैं. स्थानीय निवासी भूपेंद्र गुप्ता ने बताया कि योजना अच्छी है, लेकिन जो रोटियां दी जा रही हैं उनकी गुणवत्ता में सुधार की जरूरत है. वर्तमान में एक थाली में एक सब्जी, चावल और पांच रोटियां दी जाती हैं.
दीनदयाल रसोई की व्यवस्थाओं को संभाल रहे अजय ने बताया कि यहां तय मेनू के अनुसार ही भोजन तैयार किया जाता है, ताकि लोगों को विविधता और पोषण दोनों मिल सके. उन्होंने बताया कि सोमवार को रोटी, चावल और कढ़ी मंगलवार को रोटी, चावल और आलू मटर या आलू छोले बुधवार को रोटी, चावल, अरहर दाल और मौसमी सब्जी गुरुवार को रोटी, चावल और आलू सोया बड़ी की सब्जी शुक्रवार को रोटी, खिचड़ी और आलू मटर की सब्जी शनिवार को रोटी, चावल, रायता और मौसमी सब्जी दी जाती है, जबकि रविवार को अवकाश रहता है.