मेला में ठेकेदार ने वीआईपी पार्किंग पर जड़ा ताला, प्राधिकरण ने तुड़वाया – Gwalior News

मेला में ठेकेदार ने वीआईपी पार्किंग पर जड़ा ताला, प्राधिकरण ने तुड़वाया – Gwalior News




ग्वालियर मेले में पार्किंग ठेकेदार की गुंडागर्दी अब सिर चढ़कर बोल रही है। आम सैलानियों को अपनी दबंगई से डराने वाले ठेकेदार अब सीधे प्रशासन को चुनौती दे रहा है। दुस्साहस का आलम यह है कि पार्किंग ठेकेदार ने शनिवार को मेला प्राधिकरण कार्यालय स्थित वीआईपी पार्किंग के गेट पर ही अपना ताला जड़ दिया। इस हरकत साफ हो गया कि मेले में व्यवस्थाएं अब अफसरों के नहीं, बल्कि ठेकेदार के हिसाब से चल रही हैं। प्रशासन बेबस नजर आ रहा है। व्यापारियों ने बताया कि पार्किंग ठेकेदार के हौसले इतने बुलंद हैं कि वह किसी की सुनने को तैयार नहीं है। जब प्राधिकरण अपनी पार्किंग सुरक्षित नहीं रख पा रहा, तो लोगों की सुरक्षा का क्या होगा? ठेकेदार बेलगाम: मेले की शर्मनाक तस्वीर… मेले में पार्किंग ठेकेदार का रवैया शुरू से ही विवादों में है। वाहनों की हवा निकालना, मनमाना शुल्क वसूलना (40 के बजाय 50 रुपए लेना) और खुल्ले पैसों के नाम पर सैलानियों से ठगी करना रोजाना की बात है। लेकिन शनिवार को ठेकेदार की हरकत ने अफसरों तक को हैरत में डाल दिया। हैरानी की बात यह है कि तमाम शिकायतों के बावजूद मेला प्राधिकरण अब तक केवल ‘नोटिस-नोटिस’ का खेल खेल रहा है। शनिवार को वीआईपी पार्किंग पर ताले की खबर मिलने पर प्राधिकरण के कर्मचारी अभिषेक को मौके पर भेजा गया और आनन-फानन में ताला तुड़वाया गया। मामला गंभीर है, आयुक्त से भी करूंगा शिकायत
वीआईपी पार्किंग पर ठेकेदार के ताला लगाने की सूचना जैसे ही मिली थी मैंने प्राधिकरण कर्मचारी को भेजकर ताला तुड़वा दिया था। ठेकेदार की हिम्मत कैसे हुई। मैं संभागीय आयुक्त को इस शिकायत संबंधी प्रस्ताव भेज रहा हूं। इस पर गंभीरता से विचार होगा।
– सुनील त्रिपाठी, सचिव, ग्वालियर व्यापार मेला प्राधिकरण



Source link