Budget 2026: 1फरवरी पर टिकी महिलाओं की आस! क्या इस बार बजट में हल्का होगा किचन का भार?

Budget 2026: 1फरवरी पर टिकी महिलाओं की आस! क्या इस बार बजट में हल्का होगा किचन का भार?


Last Updated:

LPG Gas Price Budget 2026: 1 फरवरी को पेश होने वाले आम बजट से जबलपुर की महिलाओं को बड़ी राहत की उम्मीद है. गृहिणियों से लेकर छात्राओं तक महंगाई, रसोई गैस, शिक्षा और रोजगार पर फोकस की मांग कर रही हैं. महिलाओं का कहना है कि अगर किचन का बजट संभल गया तो परिवार खुद संभल जाएगा. बढ़ती महंगाई ने घरेलू खर्च को बिगाड़ दिया है. अब सबकी नजर वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण के बजट पिटारे पर टिकी है.

Union Budget Women Expectations: देश का आम बजट 1 फरवरी को संसद में पेश होने जा रहा है, जिसे वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण प्रस्तुत करेंगी. बजट से पहले जबलपुर की महिलाओं की उम्मीदें साफ तौर पर नजर आ रही हैं. गृहिणियों से लेकर कामकाजी महिलाओं और छात्राओं तक, हर कोई चाहता है कि इस बार का बजट ऐसा हो, जिससे घर का बजट बिगड़े नहीं. बढ़ती महंगाई ने रसोई से लेकर पढ़ाई तक सब कुछ महंगा कर दिया है, ऐसे में महिलाओं को सरकार से महिला हितैषी फैसलों की आस है.

रोजमर्रा की चीजें सस्ती हों, तभी राहत मिलेगी
गृहिणी नीलिमा शर्मा का कहना है कि बजट बनाते समय सामान्य वर्ग और मध्यमवर्गीय महिलाओं को ध्यान में रखा जाना चाहिए. रोजमर्रा में इस्तेमाल होने वाली चीजों के दाम कम हों, ताकि घर चलाना आसान हो सके. उन्होंने घरेलू गैस सिलेंडर के दाम आधे करने की भी मांग की. वहीं गृहिणी ममता प्यासी कहती हैं कि आज के समय में दो वक्त की रोटी भी महंगी हो गई है, ऐसे में घरेलू सामान सस्ता होना बहुत जरूरी है.

सस्ती शिक्षा और रोजगार पर भी हो फोकस
गृहिणी कीर्ति तिवारी का मानना है कि अगर खाने-पीने की चीजें सस्ती होंगी, तभी मध्यमवर्गीय और गरीब परिवार ठीक से जीवन चला पाएंगे. इसके साथ ही उन्होंने शिक्षा को लेकर भी उम्मीद जताई कि सस्ती और सुलभ शिक्षा पर सरकार को खास ध्यान देना चाहिए. वहीं छात्रा वैष्णवी शर्मा का कहना है कि जिस रफ्तार से महंगाई बढ़ रही है, उसी हिसाब से रोजगार के अवसर और सैलरी पैकेज भी बढ़ने चाहिए, ताकि युवा आत्मनिर्भर बन सकें.

घर का बजट ठीक, तो महिला खुश
गृहिणी शोभा तिवारी कहती हैं कि सबसे पहले स्कूल-कॉलेज से जुड़ी सामग्री के दाम कम होने चाहिए. इसके बाद घरेलू बजट पर सरकार को फोकस करना चाहिए, क्योंकि गैस सिलेंडर के बढ़ते दाम सीधे किचन पर असर डालते हैं. उनका साफ कहना है कि घर का बजट ठीक रहेगा, तभी महिलाएं खुश और परिवार संतुलित रहेगा.

अब सबकी नजर वित्त मंत्री के पिटारे पर
कुल मिलाकर जबलपुर की महिलाएं इस बजट से बड़ी राहत की उम्मीद कर रही हैं. महंगाई, रसोई गैस, शिक्षा, स्वास्थ्य और महिला रोजगार ये ऐसे मुद्दे हैं, जिन पर सरकार के फैसले सीधे महिलाओं की जिंदगी को प्रभावित करेंगे. अब देखना यह होगा कि 1 फरवरी को आने वाला बजट महिलाओं की उम्मीदों पर कितना खरा उतरता है.

About the Author

shweta singh

Shweta Singh, currently working with News18MPCG (Digital), has been crafting impactful stories in digital journalism for more than two years. From hyperlocal issues to politics, crime, astrology, and lifestyle,…और पढ़ें

homemadhya-pradesh

1फरवरी पर टिकी महिलाओं की आस! क्या इस बार बजट में हल्का होगा किचन का भार?



Source link