WPL 2026: विमेंस प्रीमियर लीग 2026 के ग्रुप स्टेज का सफर समाप्त हो चुका है. रविवार, 1 फरवरी को हुए मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स ने यूपी वॉरियर्स को 5 विकेट से हराकर प्लेऑफ में अपनी जगह पक्की कर ली है. जेमिमा रोड्रिगेज की ने लगातार चौथी बार प्लेऑफ में क्वालिफाई किया है. इससे पहले हुए तीन संस्करण में दिल्ली कैपिटल्स ने फाइनल तक का सफर तय किया था, लेकिन ट्रॉफी जीतने का ख्वाब अभी भी अधूरा है.
दिल्ली कैपिटल्स की जीत से दो टीमों को तगड़ा झटका लगा है. यूपी वॉरियर्स के साथ-साथ डिफेंडिंग चैंपियन मुंबई इंडियंस भी प्लेऑफ की रेस से बाहर हो चुकी है. हरमनप्रीत कौर एंड कंपनी की किस्मत उनके हाथ में नहीं थी और प्लेऑफ में एंट्री के लिए वो दिल्ली कैपिटल्स की हार की दुआ मांग रही थी, लेकिन ऐसा नहीं हुआ.
एलिमिनेटर में गुजरात जायंट्स से भिड़ेगी दिल्ली कैपिटल्स
पॉइंट्स टेबल पर नंबर-3 पर मौजूद दिल्ली कैपिटल्स विमेंस प्रीमियर लीग 2026 के एलिमिनेटर मैच में गुजरात जायंट्स से भिड़ेगी. ये मुकाबला मंगलवार, 3 फरवरी को वडोदरा के बीसीए स्टेडियम में खेला जाएगा. एलिमिनेटर जीतने वाली टीम 5 फरवरी को फाइनल में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु से भिड़ेगी. बता दें कि स्मृति मंधाना की टीम 12 अंकों के साथ पॉइंट्स टेबल पर टॉप पर है और यही वजह है कि RCB सीधे फाइनल में पहुंच चुकी है.
जेमिमा रोड्रिगेज ने खेली कप्तानी पारी
यूपी वॉरियर्स के खिलाफ अहम मैच में जेमिमा रोड्रिगेज ने कप्तानी पारी खेलकर दिल्ली कैपिटल्स को प्लेऑफ में पहुंचा दिया. यूपी वॉरियर्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए स्कोरबोर्ड पर सिर्फ 122 रन लगाए थे. इसके जवाब में दिल्ली ने 5 विकेट खोकर लक्ष्य का पीछा कर लिया. जेमिमा 18 गेंदों में 34 रन बनाकर अंत तक नाबाद रहीं. उनके अलावा साउथ अफ्रीका की स्टार महिला खिलाड़ी लौरा वोल्वाड्ट ने भी 47 रनों की कीमती पारी खेली. गेंदबाजी में कमाल और 3 विकेट लेने वाली अनुभवी ऑलराउंडर मैरिजेन कप्प को ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया.
ये भी पढ़ें: जुर्माना या बैन? भारत के खिलाफ नहीं खेला पाकिस्तान को ICC निकालेगा ‘वारंट’, नकवी-शहबाज को लगेगा करंट!