सतना शहर के सर्किट हाउस क्षेत्र में रविवार शाम एक अनियंत्रित ई-रिक्शा ने सड़क पर पांच बाइकों और पैदल यात्रियों को टक्कर मार दी। इस घटना में कई लोग मामूली रूप से घायल हो गए। पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ई-रिक्शा अत्यधिक तेज गति से चल रहा था और चालक ने उस पर से नियंत्रण खो दिया। इसके परिणामस्वरूप, रिक्शा सड़क किनारे चल रहे पैदल यात्रियों और दोपहिया सवारों से टकरा गया। टक्कर के बाद भी रिक्शा नहीं रुका और आगे बढ़ता रहा। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने ई-रिक्शा को रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक वाहन लेकर भागने की कोशिश करता रहा। आसपास मौजूद लोगों ने हिम्मत दिखाते हुए कई किलोमीटर तक उसका पीछा किया और अंततः ई-रिक्शा को रुकवाकर चालक को पकड़ लिया। मामले की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई। पुलिस के मौके पर पहुंचने से पहले ही चालक भीड़ का फायदा उठाकर चकमा देकर भाग निकला। बताया गया कि वह आयुष्मान हॉस्पिटल रोड से भागते हुए जिला केंद्रीय सहकारी बैंक के पास पहुंचा, जहां उसे दोबारा पकड़ा गया, लेकिन फिर से भीड़ देखकर वह फरार हो गया। स्थानीय नागरिकों ने शहर में ई-रिक्शा के संचालन पर सख्त निगरानी और नियमों के कड़ाई से पालन की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी दुर्घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
Source link