भारतीय क्रिकेट फैंस का पूरा फोकस इस समय आगामी टी20 वर्ल्ड कप 2026 पर है. मेगा इवेंट में टीम इंडिया का पहला मैच 7 फरवरी को USA के खिलाफ होगा. इस बीच डोमेस्टिक टूर्नामेंट रणजी ट्रॉफी को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है. स्टार ऑलराउंडर शार्दुल ठाकुर ने कर्नाटक के खिलाफ रणजी ट्रॉफी क्वार्टर फाइनल के लिए मुंबई की टीम में वापसी की है. उनके साथ टीम इंडिया के उभरते हुए सितारे यशस्वी जायसवाल को भी टीम में शामिल किया गया है.
ग्रुप स्टेज के आखिरी दो मैचों में नहीं खेलने के बाद यशस्वी जायसवाल ने मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन को नॉकआउट चरण के लिए अपनी उपलब्धता की जानकारी दे दी थी। संजय पाटिल की अगुवाई वाली चयन समिति ने इसके बाद भारतीय सलामी बल्लेबाज को टीम में शामिल कर लिया.
मुंबई टीम ने जायसवाल-शार्दुल की वापसी
शार्दुल ठाकुर ने पिंडली की चोट से उबरकर टीम में वापसी की है. उन्हें यह चोट विजय हजारे ट्रॉफी में लगी थी. लंबे वक्त बाद शार्दुल को नेट्स में गेंदबाजी करते देखा गया. कर्नाटक के खिलाफ क्वार्टर फाइनल मैच में वो टीम की कमान भी संभालेंगे.
दूसरी ओर यशस्वी जायसवाल भी प्रतिष्ठित फर्स्ट-क्लास सीजन फिर से शुरू होने के बाद अपना पहला रणजी ट्रॉफी मैच खेलेंगे. जायसवाल ने आखिरी बार नवंबर 2025 में मुंबई की तरफ से राजस्थान के खिलाफ रणजी ट्रॉफी मैच खेला था, जिसमें 67 और 156 रन की पारी खेली थी. मुंबई ने 42 बार रणजी ट्रॉफी का खिताब अपने नाम किया है. ठाकुर और जायसवाल के लौटने से मुंबई को कर्नाटक के खिलाफ चुनौती में मदद मिलेगी.
कर्नाटक ने 8 बार इस टाइटल को अपने नाम किया है. कप्तान देवदत्त पडिक्कल, मयंक अग्रवाल, केएल राहुल और प्रसिद्ध कृष्णा कर्नाटक की टीम में शामिल हैं. दिल्ली के खिलाफ मुंबई के आखिरी रणजी ट्रॉफी लीग स्टेज मैच के दौरान, खिलाड़ियों को नजदीक में जारी निर्माण कार्य से होने वाले प्रदूषण से बचने के लिए मास्क पहनना पड़ा था. माना जा रहा है कि जब क्वार्टर-फाइनल मैच होगा तो कंस्ट्रक्शन साइट्स पर सुरक्षात्मक चादरों का इस्तेमाल किया जाएगा.
रणजी ट्रॉफी में अन्य क्वार्टर-फाइनल मुकाबले जमशेदपुर के कीनन स्टेडियम में झारखंड और उत्तराखंड, इंदौर के होल्कर स्टेडियम में मध्य प्रदेश और जम्मू-कश्मीर, कल्याणी में बंगाल क्रिकेट अकादमी ग्राउंड में बंगाल और आंध्र के बीच होंगे.
मुंबई की टीम: शार्दुल ठाकुर (कप्तान), यशस्वी जयसवाल, मुशीर खान, अखिल हेरवाडकर, सिद्धेश लाड, सरफराज खान, आकाश आनंद (विकेटकीपर), हार्दिक तामोरे (विकेटकीपर), साईराज पाटिल, शम्स मुलानी, तनुष कोटियन, तुषार देशपांडे, मोहित अवस्थी, ओंकार तरमाले, दिव्येश सक्सेना और सूर्यांश शेडगे.