सिवनी नगर की सड़कों पर आवारा मवेशियों का बढ़ता आतंक अब आमजन के लिए गंभीर खतरा बनता जा रहा है। शहर के प्रमुख मार्गों, बाजार क्षेत्रों और रिहायशी इलाकों में दिन-रात खुलेआम घूमते मवेशी न केवल यातायात व्यवस्था को बाधित कर रहे हैं, बल्कि नागरिकों की जान पर भी भारी पड़ रहे हैं। आज सुबह बस स्टैंड क्षेत्र में उस समय हड़कंप मच गया, जब सड़क के बीच दो सांड आपस में भिड़ गए। अचानक हुई इस घटना से मौके पर मौजूद यात्रियों, दुकानदारों और राहगीरों में दहशत फैल गई।लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागते नजर आए, वहीं वाहन चालकों को अचानक ब्रेक लगाने पड़े, जिससे बड़ा हादसा होने की आशंका बनी रही। इस घटना का वीडियो वहां खड़े एक व्यक्ति ने बना लिया, जिसमें साफ देखा जा सकता है कि किस तरह व्यस्त सड़क कुछ ही पलों में खतरनाक अखाड़े में तब्दील हो गई।इससे पहले मंगलीपीठ क्षेत्र में भी रात के समय सांडों की लड़ाई की घटना सामने आ चुकी है। शहर के शुक्रवारी चौक, छिंदवाड़ा चौक, बारापत्थर, गांधी भवन चौक,भैरोगंज,गंज,बस स्टैंड,मस्जिद मोहल्ला चौक और स्टेशन रोड जैसे अति व्यस्त इलाकों में आवारा मवेशी सड़क के बीचों-बीच डेरा जमाए रहते हैं। इससे आए दिन जाम की स्थिति बन रही है और दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। स्थानीय निवासी कृष्णा यादव और आसिफ खान का कहना है कि आवारा मवेशियों से सबसे अधिक परेशानी स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को हो रही है। बच्चों को स्कूल आते-जाते समय डर के साए में रहना पड़ता है।व्यापारियों का कहना है कि दुकानों के सामने मवेशियों के बैठे रहने से ग्राहक असहज महसूस करते हैं, जिससे व्यापार पर भी प्रतिकूल असर पड़ रहा है। नगर पालिका द्वारा समय-समय पर अभियान चलाने की घोषणाएं तो की जाती हैं,लेकिन जमीनी स्तर पर प्रभावी कार्रवाई न होने से हालात लगातार बिगड़ते जा रहे हैं। गौरतलब है कि हाल ही में आवारा मवेशियों के हमले में एक बुजुर्ग और एक महिला घायल भी हो चुके हैं। लोगो की मांग है कि आवारा मवेशियों को सड़कों से हटाया जाए और लापरवाह पशुपालकों पर कड़ी कार्रवाई की जाए,ताकि शहरवासियों को इस जानलेवा समस्या से राहत मिल सके।
Source link