12 लाख से बनी सड़क कुछ दिनों में उखड़ी: देवास में घटिया निर्माण; शिकायत पर निगम ने जेसीबी चलवाई – Dewas News

12 लाख से बनी सड़क कुछ दिनों में उखड़ी:  देवास में घटिया निर्माण; शिकायत पर निगम ने जेसीबी चलवाई – Dewas News




देवास के वार्ड 22 स्थित आनंद ऋषि नगर में घटिया डामर सड़क निर्माण का मामला सामने आया है। क्षेत्रीय निवासियों और पार्षद रूपेश वर्मा की शिकायत के बाद नगर निगम ने मंगलवार को कार्रवाई करते हुए नवनिर्मित सड़क को जेसीबी मशीन से उखड़वा दिया। यह सड़क हाल ही में 12 लाख रुपए की लागत से बनाई गई थी। स्थानीय लोगों के अनुसार, इसके निर्माण में शुरू से ही निम्न गुणवत्ता वाले डामर का उपयोग किया गया था। कुछ ही दिनों में सड़क पिघलने और उखड़ने लगी, जिससे आवागमन में परेशानी हो रही थी। घटिया सामग्री का इस्तेमाल की गई थी
पार्षद रूपेश वर्मा ने इस संबंध में नगर निगम आयुक्त को लिखित शिकायत दी थी। उन्होंने निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल उठाए थे। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए निगम की टीम मौके पर पहुंची। जांच के बाद, पूरी डामर सड़क को हटाने का निर्णय लिया गया और जेसीबी मशीन की मदद से इसे उखाड़ दिया गया। स्थानीय निवासियों ने आरोप लगाया है कि निर्माण में निर्धारित मानकों का पालन नहीं किया गया और घटिया सामग्री का इस्तेमाल किया गया। ठेकेदार पर कार्रवाई की मांग
इस घटना से ठेकेदार की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो गए हैं। क्षेत्रीय लोगों ने जिम्मेदार ठेकेदार के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। साथ ही, नगर निगम की भूमिका पर भी प्रश्नचिह्न लग गया है कि निर्माण के दौरान गुणवत्ता की निगरानी क्यों नहीं की गई। अब देखना होगा कि नई सड़क निर्धारित मानकों के अनुसार कब तक तैयार होती है।



Source link