T20 World Cup 2026: टी20 विश्व कप 2026 में अब सिर्फ 3 दिन बचे हैं. 7 फरवरी से 20 टीमों के बीच भारत और श्रीलंका की सरजमीं पर यह टूर्नामेंट शुरू होगा. 20वें एडिशन से पहले टीम इंडिया भले ही पूरी तरह तैयार है, लेकिन पूर्व भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धोनी को एक चिंता खाए जा रही है. ये चिंता उस डर की वजह से खड़ी हो चुकी है, जिसका सामना धोनी ने अपने करियर में कई बार किया है. इस डर की वजह खुद एमएस धोनी ने बताई है. धोनी के मुताबिक ये वही चीज है, जो खिताब जीतने का सपना भी तोड़ सकती है.
दरअसल, महेंद्र सिंह धोनी हाल में एक इवेंट में शामिल हुए, जहां उनसे टी20 विश्व कप 2026 को लेकर कई सवाल किए गए. एक सवाल के जवाब में धोनी ने भारतीय टीम को टूर्नामेंट की सबसे खतरनाक टीम बताया. धोनी ने इसी दौरान कुछ ऐसा कह दिया, जिसने फैंस की टेंशन बढ़ा दी है. धोनी ने उस चीज का जिक्र कर दिया, जिसके चलते जीत का सपना टूट जाता है. खुद धोनी अपने करियर में इसे फेस कर चुके हैं.
धोनी ने ओस को बताया बड़ा फैक्टर एमएस धोनी ने टी20 विश्व कप 2026 में टीम इंडिया को लेकर कहा कि ‘इंडिया सबसे खतरनाक टीमों में से एक है. उनके पास एक्सपीरियंस है, रोल सेट हैं, और वे लंबे समय से प्रेशर में खेल रहे हैं, लेकिन मुझे जो बात परेशान करती है, वो ओस है. मुझे ओस से नफरत है, क्योंकि ओस सब कुछ बदल देती है. यह टॉस को बहुत जरूरी बना देती है.’
धोनी को ओस से लगता था डर
तीन आईसीसी ट्रॉफी जीतने वाले कप्तान धोनी ने ओस को एक बड़ी टेंशन बताते हुए आगे कहा कि ‘जब मैं खेल रहा था, तब भी यही एक चीज थी, जिससे मुझे सच में डर लगता था. अगर कंडीशन न्यूट्रल हों, तो इंडिया 10 में से 10 मैच जीतता है, लेकिन T20 में एक खराब दिन या ओस वाली एक भारी रात सारी दुआओं पर पानी फेर सकती है.’
ओस की वजह से रन चेज आसान होता है
इसमें कोई शक नहीं है कि टी20 क्रिकेट में ओस बड़ा फैक्टर होती है. भारत में फरवरी-मार्च में शाम के वक्त ओस आती है. इसलिए टॉस अहम रोल निभाता है. ओस की वजह से बैटिंग आसान होती है, इसलिए कप्तान चेज करना पसंद करते हैं. रन चेज आसान हो जाते हैं. इसलिए धोनी ने ओस का जिक्र किया है. टी20 विश्व कप 2026 के मैचों में ओस आना तय माना जा रहा है, क्योंकि भारतीय टीम के सभी मुकाबले शाम 7 बजे शुरू होंगे. ऐसे में टारगेट डिफेंड करना काफी मुश्किल रहने वाला है.
ये भी पढ़ें: T20 World Cup: 9 एडिशन के 9 घातक गेंदबाज. जो बल्लेबाजों के लिए बने ‘काल’, 2024 में हीरो रहे थे ये 2 बॉलर