सीहोर में विद्युत वितरण कंपनी द्वारा लगाए गए स्मार्ट मीटर अब बिजली चोरी पकड़ने में सहायक सिद्ध हो रहे हैं। एक माह के भीतर 253 ऐसे मामले सामने आए हैं, जहां स्मार्ट मीटर ने बिजली चोरी की सूचना सीधे कंपनी के सर्वर पर भेजी है। इसके बाद कंपनी ने उपभोक्ताओं के मीटरों की जांच शुरू कर दी है। कंपनी ने नगर में पायलट प्रोजेक्ट के तहत स्मार्ट मीटर लगाने की शुरुआत की थी। सीहोर नगर के जोन वन में कुल 16,675 उपभोक्ताओं में से 11,568 उपभोक्ताओं के यहां स्मार्ट मीटर लगाए जा चुके हैं। शुरुआत में इन मीटरों का काफी विरोध हुआ था, क्योंकि कई उपभोक्ताओं को आशंका थी कि इनसे बिल ज्यादा आएंगे। चोरी की जानकारी भेज देते हैं
हालांकि, अब इन स्मार्ट मीटरों का लाभ विद्युत वितरण कंपनी को मिलने लगा है। ये मीटर ‘न्यूट्रल डिस्टरबेंस’ जैसी गतिविधियों को स्वयं पहचान लेते हैं और बिजली चोरी की जानकारी तत्काल कंपनी के कंप्यूटर सर्वर पर भेज देते हैं। इससे उन उपभोक्ताओं पर नकेल कसी जा रही है जो मीटर से छेड़छाड़ कर बिजली चोरी कर रहे थे, जिससे कंपनी को राजस्व का नुकसान हो रहा था। एक माह के दौरान मिली 253 सूचनाओं के आधार पर विद्युत वितरण कंपनी अब संबंधित उपभोक्ताओं के यहां पहुंचकर जांच कर रही है और आवश्यक होने पर मीटरों की भी जांच की जा रही है। गौरतलब है कि पिछले एक साल में इसी जोन में 1,779 उपभोक्ताओं को बिजली चोरी करते पकड़ा गया था, जिनसे 94 लाख 31 हजार रुपए की वसूली की गई थी।
हालांकि मीटर की जांच होने पर उसका अतिरिक्त भार उपभोक्ता पर ही पड़ेगा। क्योंकि सामान्य मीटर की जांच के उपभोक्ताओं से 80 रुपए लिए जाते थे और स्मार्ट मीटर जांच के लिए जाएगा तो 1400 रूपए जांच के लिए जाएंगे। विद्युत वितरण कंपनी के द्वारा विद्युत वितरण कंपनी के मुख्य सर्वर पर जानकारी भेजी जा रही है, जिसमें बिजली चोरी करने वाले उपभोक्ताओं की सूचना डायरेक्ट मिल रही है। इन सूचनाओं में अधिकतर सूचना न्यूट्रल डिस्टरबेंस की हैं, जिससे स्पष्ट हो जाता है कि उपभोक्ता द्वारा बिजली चोरी की जा रही है। कुछ उपभोक्ता ऐसे भी मिले हैं जिन्होंने सर्विस लाइन में ही कट लगाकर बिजली चोरी शुरू कर दी थी। ऐसे उपभोक्ताओं पर भी बिजली विद्युत वितरण कंपनी शिकंजा करने जा रही है विद्युत वितरण कंपनी ने अपनी जांच का दायरा भी बड़ा दिया है। एई अतुलेश सिंह ने कहा है कि न्यूट्रल डिस्टरबेंस के मैसेज से बिजली चोरी पकड़ा रही है।
Source link