Last Updated:
Jabalpur News: जबलपुर में 12 गैस एजेंसियों ने घरेलू सिलेंडर पर 860 रुपये की जगह 1000-1400 रुपये वसूले. कलेक्टर राघवेंद्र सिंह के आदेश पर एसडीएम अनुराग सिंह की टीम ने ग्राहक बनकर पकड़ा. यूपीआई पेमेंट और वीडियो सबूत के साथ नोटिस जारी, 3 दिन में जवाब मांगा.
ग्राहक बन पहुंचे SDM.
रिपोर्ट: श्रीनिवास
Jabalpur News: जिले में घरेलू रसोई गैस के व्यावसायिक दुरुपयोग और महंगाई के खिलाफ जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है. खाद्य एवं राजस्व विभाग की छापेमारी में खुलासा हुआ कि कई गैस एजेंसियां निर्धारित दर 860 रुपये प्रति सिलेंडर की जगह 1000 से 1400 रुपये तक वसूल रही थीं. ग्राहकों से 150 से 400 रुपये तक अतिरिक्त राशि वसूलने का मामला सामने आया है.
वीडियो में खुल गई पोल
कलेक्टर राघवेंद्र सिंह के निर्देश पर गोरखपुर एसडीएम अनुराग सिंह ने अनुविभागवार जांच दलों का गठन किया. अधिकारी ग्राहक बनकर खाली सिलेंडर लेकर एजेंसियों पर पहुंचे. वहां उन्हें निर्धारित दर पर सिलेंडर देने से मना कर दिया गया और 1050 से 1400 रुपये मांगे गए. कई मामलों में यूपीआई से ऑनलाइन पेमेंट करवाया गया. जांच के दौरान कर्मचारियों के साथ हुई बातचीत का वीडियो भी रिकॉर्ड किया गया, जिसमें स्पष्ट रूप से अधिक राशि मांगते दिख रहे हैं.
तीन दिन में मांगा जवाब
पूरे मामले में 12 प्रमुख गैस एजेंसियां दोषी पाई गईं. कलेक्टर राघवेंद्र सिंह ने इन सभी एजेंसियों को कारण बताओ नोटिस जारी कर तीन दिन के अंदर जवाब मांगा है. यदि संतोषजनक जवाब नहीं आया तो एकतरफा कार्रवाई की जाएगी. यह उल्लंघन एलपीजी (डिलीवरी एंड डिस्ट्रीब्यूशन) ऑर्डर-2000 और आवश्यक वस्तु अधिनियम की धारा 3 व 7 के तहत दंडनीय अपराध है.
जिला प्रशासन का साफ संदेश है कि घरेलू गैस का व्यावसायिक इस्तेमाल या ब्लैक मार्केटिंग बर्दाश्त नहीं की जाएगी. आम उपभोक्ताओं से अपील है कि यदि कोई एजेंसी निर्धारित दर से अधिक पैसे मांगे तो तुरंत खाद्य विभाग या कंट्रोल रूम में शिकायत करें.
About the Author
एक दशक से अधिक समय से पत्रकारिता में सक्रिय. प्रिंट मीडिया से शुरुआत. साल 2023 से न्यूज 18 हिंदी के साथ डिजिटल सफर की शुरुआत. न्यूज 18 के पहले दैनिक जागरण, अमर उजाला में रिपोर्टिंग और डेस्क पर कार्य का अनुभव. म…और पढ़ें