WPL 2026 Royal Challengers Bengaluru vs Delhi Capitals: महिला प्रीमियर लीग (WPL) में दिल्ली कैपिटल्स के लिए लंबे समय से इंतजार हो रहे हैप्पी एंडिंग पर एक बार ब्रेक लग गया है. रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) ने वडोदरा में गुरुवार (5 फरवरी) को उसके इंतजार को एक सीजन के लिए और बढ़ा दिया है. स्मृति मंधाना की कप्तानी में शानदार प्रदर्शन करते हुए आरसीबी ने दिल्ली को हराकर दूसरी बार खिताब जीत लिया है. वहीं, जेमिमा रोड्रिग्ज की टीम लगातार चौथी बार फाइनल में हार गई. इससे पहले मेग लैनिंग की कप्तानी में तीन फाइनल हारे थे और जेमिमा के नेतृत्व में भी वह क्रम नहीं टूटा.
आरसीबी ने रचा इतिहास
पहले इनिंग्स में शानदार बैटिंग करते हुए और WPL फाइनल में अब तक का सबसे बड़ा टोटल (203/4) बनाने के बावजूद दिल्ली निराश रह गई. आरसीबी ने 204 रन के टारगेट को हासिल करके एक ऐसा रिकॉर्ड बना दिया जो अब तक भारतीय क्रिकेट इतिहास में नहीं हुआ था. आरसीबी एक ही समय में इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) और महिला प्रीमियर लीग का खिताब अपने पास रखने वाली पहली फ्रेंचाइजी बन गई है. पुरुष टीम ने पिछले साल आईपीएल जीता था और अब महिला टीम ने भी ट्रॉफी उठा ली. यह एक ऐसा रिकॉर्ड जिसे मुंबई इंडियंस जैसी बड़ी फ्रेंचाइजी भी नहीं बना सकी है. उसकी पुरुष और महिला दोनों टीमें खेलती हैं.
मंधाना और जॉर्जिया वोल ने मचाया धमाल
यह RCB के लिए एक ज़बरदस्त रन चेज था, जिसकी अगुवाई कप्तान स्मृति मंधाना और जॉर्जिया वोल ने की. दोनों दिल्ली के बॉलिंग अटैक की धज्जियां उड़ा दीं और सबसे बड़े स्टेज पर रिकॉर्ड तोड़ दिए. इस जोड़ी ने लगातार हमले किया और WPL इतिहास में सबसे बड़ा सफल रन चेज दर्ज किया. दूसरे विकेट के लिए सिर्फ 92 गेंदों में वोल और मंधाना ने 165 रनों की बड़ी साझेदारी की. यह टूर्नामेंट के इतिहास की सबसे बड़ी पार्टनरशिप बन गई और फाइनल में निर्णायक साबित हुई.
शुरुआती झटके के बाद आरसीबी ने मचाया गदर
RCB का चेज बिना किसी ड्रामा के शुरू नहीं हुआ. दिल्ली के लिए सिनेल हेनरी ने बल्ले से अपने कारनामों के बाद आत्मविश्वास से भरी हुई थीं और उन्होंने गेंद से भी अपना सुनहरा टच जारी रखा. अपने पहले ही ओवर में उन्होंने ग्रेस हैरिस को 7 गेंदों में 9 रन पर आउट कर दिया, जिससे कुछ समय के लिए मोमेंटम दिल्ली की तरफ चला गया. हालांकि, उस शुरुआती सफलता से आरसीबी के मजबूत इरादों को कोई नुकसान नहीं हुआ. वोल ने मंधाना का साथ दिया और दिल्ली के लिए मुश्किलें खड़ी कर दीं.
जेमिमा के अर्धशतक पर भारी पड़ी मंधाना और वोल की पारी
शुरुआती विकेट के बाद यह काफी हद तक RCB के लिए एकतरफा मैच था क्योंकि मंधाना और वोल ने घबराहट या हिचकिचाहट का कोई संकेत नहीं दिखाया. दोनों ने शांत स्वभाव से फील्डिंग सेटअप और बॉलिंग प्लान को ध्वस्त कर दिया. मंधाना ने 87 और वोल ने 79 रन बनाए. राधा यादव ने आखिरी ओवर में दो चौके लगाकर मैच को समाप्त कर दिया. इससे पहले दिल्ली के लिए जेमिमा रोड्रिग्ज ने 57 और लौरा वोल्वार्ड्ट ने 44 रन बनाए. हेनरी ने 15 गेंदों पर नाबाद 35 रन ठोके थे.