इंदौर में पहली व्यापारिक समस्या समाधान पंचायत: रेसीडेंसी में 125 व्यापारिक संगठनों ने उठाए जीएसटी, रिफंड, ट्रैफिक और अतिक्रमण के मुद्दे – Indore News

इंदौर में पहली व्यापारिक समस्या समाधान पंचायत:  रेसीडेंसी में 125 व्यापारिक संगठनों ने उठाए जीएसटी, रिफंड, ट्रैफिक और अतिक्रमण के मुद्दे – Indore News




भारत सरकार के नेशनल ट्रेडर वेलफेयर बोर्ड के चेयरमैन सुनील सिंघी की उपस्थिति में गुरुवार को रेसीडेंसी कोठी पर देश की पहली व्यापारिक समस्या समाधान पंचायत का आयोजन किया गया। इस अनूठी पहल में अहिल्या चेम्बर्स ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज से जुड़े इंदौर के 125 व्यापारिक संगठनों के पदाधिकारियों ने सहभागिता की और अपनी समस्याएं सीधे प्रशासन के समक्ष रखी। बैठक के दौरान व्यापारियों ने जीएसटी, रिफंड में देरी, शहर की यातायात व्यवस्था, अतिक्रमण और व्यापारिक क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं की कमी जैसे ज्वलंत मुद्दों पर खुलकर सवाल किए। प्रशासनिक अधिकारियों ने समस्याओं के शीघ्र समाधान का भरोसा दिलाया। इंदौर में GST ट्रिब्यूनल की मांग बैठक में इंदौर में जीएसटी ट्रिब्यूनल की स्थापना की मांग प्रमुखता से उठी। इस पर चेयरमैन सुनील सिंघी ने बताया कि इस विषय पर केंद्रीय वित्त मंत्री से चर्चा हो चुकी है। साथ ही मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से भी इस मुद्दे पर संवाद किया गया है। उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा ने जानकारी दी कि राज्य सरकार द्वारा प्रस्ताव बनाकर केंद्र सरकार को भेजा जा रहा है। राज्य और जिला स्तरीय व्यापारी बोर्ड का होगा गठन सिंघी ने बैठक में यह महत्वपूर्ण घोषणा की कि शीघ्र ही राज्य स्तरीय व्यापारी बोर्ड और जिला स्तरीय व्यापारी बोर्ड का गठन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इन बोर्डों के गठन से स्थानीय स्तर पर व्यापारियों की समस्याओं का त्वरित और प्रभावी निराकरण संभव होगा। प्रशासन और व्यापारिक संगठनों के बीच समन्वय और मजबूत बनेगा। व्यापारिक क्षेत्रों की बदहाली पर चिंता व्यापारियों ने जीएसटी रिफंड प्रक्रिया में आ रही व्यावहारिक दिक्कतों के साथ शहर में ट्रैफिक जाम, अतिक्रमण और व्यापारिक क्षेत्रों में बुनियादी ढांचे की कमी पर भी चिंता जताई। प्रशासन की ओर से आश्वासन दिया गया कि शीघ्र ही व्यापारिक संगठनों के साथ समन्वय बैठक कर ठोस समाधान निकाले जाएंगे। चेयरमैन सिंघी ने कहा- व्यापारी भी अर्द्धसैनिक हैं चेयरमैन सिंघी ने कहा कि जिस प्रकार सीमा पर सैनिक देश की सुरक्षा करते हैं, उसी तरह व्यापारी देश की आर्थिक मजबूती के लिए निरंतर कार्य करते हैं। व्यापारी भी अर्द्धसैनिक की तरह हैं और भारत के विकास में उनकी भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। कार्यक्रम में एमपीआईडीसी के सीईओ हिमांशु प्रजापति, जीएसटी आयुक्त अजय द्विवेदी, एसडीएम, एमएसएमई विभाग, सेंट्रल जीएसटी तथा पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में अहिल्या चेम्बर्स ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के अध्यक्ष रमेश खंडेलवाल, गोपाल अग्रवाल, गोविंद अग्रवाल, अक्षय जैन, नरेंद्र बाफना, सुमित सूरी, प्रमोद डफरिया, योगेश मेहता, प्रेम माहेश्वरी, राजेश बाहेती, राजेंद्र जैन सहित अनेक व्यापारियों ने मंच से अपनी समस्याएं और सुझाव रखे।



Source link