सीधी में पहाड़ी पर मिला रहस्यमयी जीवाश्म: 12 मीटर लंबी हड्डियां, दांत; 5 दिन बाद भी नहीं पहुंची पुरातत्व विभाग की टीम – Sidhi News

सीधी में पहाड़ी पर मिला रहस्यमयी जीवाश्म:  12 मीटर लंबी हड्डियां, दांत; 5 दिन बाद भी नहीं पहुंची पुरातत्व विभाग की टीम – Sidhi News




सीधी जिले के ग्राम कोरौली कला के अतरौला पहाड़ी पर संदिग्ध जीवाश्म (फॉसिल) मिला है। सिहावल जनपद पंचायत क्षेत्र के ग्रामीणों के अनुसार, यहां 11 से 12 मीटर लंबी विशाल हड्डियां देखी गई हैं। इस खोज से इलाके में उत्सुकता बढ़ गई है। ग्रामीणों ने तत्काल वन विभाग और सिहावल एसडीएम को इसकी सूचना दी थी। बच्चों ने बिखेरी हड्डियां अतरौला निवासी नारायण केवट ने बताया कि जब उन्हें पहाड़ी पर विशाल हड्डियां दिखीं, तो उन्होंने सरपंच को सूचित किया। हालांकि, मामले को गंभीरता से नहीं लिया गया। इस दौरान कुछ बच्चों ने हड्डियों को इधर-उधर फेंकना शुरू कर दिया, जिससे ऐतिहासिक साक्ष्यों को नुकसान पहुंचने का खतरा पैदा हो गया। नारायण केवट ने स्वयं पहल करते हुए बिखरी हड्डियों को एकत्र कर एक स्थान पर सुरक्षित रखा। ग्राम पंचायत से जुड़े राम सुमिरन पटेल ने बताया कि इस घटना को करीब पांच दिन बीत चुके हैं, लेकिन अभी तक किसी भी विभाग का कोई अधिकारी या कर्मचारी मौके पर नहीं पहुंचा है। हड्डियां पहाड़ी क्षेत्र में चारों ओर बिखरी पड़ी हैं, जिससे इनके नष्ट होने की आशंका बढ़ रही है। जानकारी के बाद भी टीम नहीं पहुंची सिहावल की एसडीएम और पुरातत्व विभाग की अधिकारी प्रिया पाठक ने बताया कि उन्हें इस संबंध में जानकारी मिली है। उन्होंने पुरातत्व विभाग से संपर्क करने का प्रयास किया है, लेकिन अभी तक कोई विशेषज्ञ टीम मौके पर नहीं पहुंची है। वन विभाग को भी स्थल की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सूचित किया गया है।



Source link