T20 World Cup 2026: टी20 विश्व कप 2026 की तैयारी पूरी है. अब से 24 घंटे बाद यानी 7 फरवरी से टूर्नामेंट का आगाज होने जा रहा है. इससे ठीक पहले आईसीसी के एक फैसले ने सभी को हैरान कर दिया है. ऐसा इसलिए क्योंकि एक तरफ तो बांग्लादेशी टीम को इस मेगा इवेंट से बाहर का रास्ता देखना पड़ा है, तो वहीं दूसरी तरफ अब इस इवेंट में एक बांग्लादेशी दिग्गज की ‘बैकडोर एंट्री’ हुई है. आईसीसी ने 6 फरवरी को एक लिस्ट जारी की, जिसमें इस बांग्लादेशी का नाम भी शामिल है.
ये लिस्ट उन 40 कॉमेंटेटर्स की है, जो अपनी आवाज से टी20 विश्व कप 2026 का मजा डबल करेंगे. इन्हीं में बांग्लादेश के पूर्व क्रिकेटर अतहर अली खान का नाम है, जिन्हें आईसीसी ने कॉमेंट्री पैनल में जगह दी है. इस तरह वो इस बार टी20 विश्व कप में कदम रखने वाले इकलौते बांग्लादेशी हैं.
दरअसल, टी20 विश्व कप 2026 में बांग्लादेश टीम नहीं है. उसकी जगह स्कॉटलैंड को जगह मिली है. बांग्लादेश की सरकार के रुख और टीम को भारत न भेजने के फैसले के बाद आईसीसी (ICC) ने उसे बाहर कर दिया था, जिसके बाद से ही फैंस को लग रहा था कि शायद इस बार कोई भी बांग्लादेशी टी20 विश्व कप 2026 में नहीं दिखेगा, लेकिन 40 आधिकारिक कमेंटेटर्स की लिस्ट में अतहर अली खान को जगह मिल चुकी है.
कौन हैं अतहर अली खान?
अब सवाल ये है कि आखिर अतहर अली खान कौन हैं? तो जान लीजिए कि इस दिग्गज का जन्म ढाका में हुआ था. वो बांग्लादेश क्रिकेट का बड़ा चेहरा हैं, जो कप्तान रह चुके हैं और क्रिकेट से संन्यास लेने के बाद कॉमेंट्री करने लगे. करीब 10 साल तक वो बांग्लादेश टीम के लिए इंटरनेशनल क्रिकेट खेले. अपने करियर में उन्होंने 19 वनडे मैचों में 29.5 की औसत से 532 रन बनाए, जिसमें 82 रन उनका हाईएस्ट स्कोर रहा.
भारत आएंगे अतहर अली खान
ये वही अतहर अली खान हैं, जो क्रिकेट से संन्यास के बाद एशियन क्रिकेट काउंसिल (ACC) और ICC के सबसे भरोसेमंद कमेंटेटर्स की लिस्ट में जगह बनाने में सफल हुए. आईसीसी ने उन्हें कॉमेंट्री पैनल में शामिल करके सभी को चौंका दिया है. अब वो भारत में आएंगे और स्टेडियम में बैठकर मैच का हाल दुनिया को सुनाएंगे. उनके साथ रवि शास्त्री, सुनील गावस्कर और वसीम अकरम जैसे दिग्गज भी अपनी आवाज से जलवा बिखेरेंगे.