लाडली बहना योजना पोर्टल बंद, फॉर्म भरने पहुंची महिलाएं: कटनी में अधिकारियों ने कहा- नए आवेदन लेने के निर्देश नहीं, अफवाहों पर ध्यान न दें – Katni News

लाडली बहना योजना पोर्टल बंद, फॉर्म भरने पहुंची महिलाएं:  कटनी में अधिकारियों ने कहा- नए आवेदन लेने के निर्देश नहीं, अफवाहों पर ध्यान न दें – Katni News




कटनी कलेक्ट्रेट में इन दिनों ‘मुख्यमंत्री लाडली बहना योजना’ के फॉर्म भरने की उम्मीद में महिलाओं की भीड़ लग रही है। दूर-दराज के गांवों से भारी संख्या में महिलाएं जिला मुख्यालय पहुंच रही हैं, लेकिन पोर्टल बंद होने की वजह से उन्हें मायूस होकर वापस लौटना पड़ रहा है। ग्रामीण इलाकों में यह खबर फैल गई है कि कलेक्ट्रेट में योजना के नए आवेदन लिए जा रहे हैं। इसी जानकारी के भरोसे महिलाएं अपना कामकाज छोड़कर और किराया खर्च कर कलेक्ट्रेट पहुंच रही हैं। कई महिलाओं का कहना है कि वे पोर्टल बंद होने के कारण पहले आवेदन नहीं कर पाई थीं और अब इस मौके को हाथ से नहीं जाने देना चाहतीं। प्रशासन की सफाई: पोर्टल फिलहाल बंद भीड़ बढ़ती देख जिला प्रशासन ने स्थिति साफ की है। डिप्टी कलेक्टर प्रदीप मिश्रा ने बताया कि लाडली बहना योजना का आधिकारिक पोर्टल फिलहाल नए आवेदनों के लिए बंद है। शासन की ओर से नए नाम जोड़ने या पुराने फॉर्म में सुधार करने के संबंध में अभी कोई भी लिखित आदेश नहीं आए हैं। किसी के बहकावे में न आएं अधिकारियों ने महिलाओं से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जब भी सरकार पोर्टल खोलेगी या नए फॉर्म लेना शुरू करेगी, उसकी जानकारी ग्राम पंचायत और नगर निगम के माध्यम से आधिकारिक तौर पर दी जाएगी। तब तक कलेक्ट्रेट के चक्कर न काटें।



Source link