सागर के रहली विकासखंड के पटना बुजुर्ग स्थित क्राइस्ट कॉन्वेंट स्कूल में 14 वर्षीय छात्र के साथ शिक्षक द्वारा मारपीट का मामला सामने आया है। छात्र ने परिवार के साथ रहली थाने पहुंचकर शिकायत दी है। आरोप है कि होमवर्क की कॉपी नहीं लाने पर शिक्षक ने स्केल से हाथ और जांघ पर मारा। पुलिस ने आवेदन लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। कक्षा 9वीं का छात्र है पीड़ित शिकायत के अनुसार छात्र अभिजीत कक्षा 9वीं में पढ़ता है। वह रोज की तरह शुक्रवार सुबह करीब 9.30 बजे स्कूल पहुंचा था। छात्र ने बताया कि दोपहर करीब 2.30 बजे शिक्षक शैलेंद्र चढ़ार कक्षा में पढ़ाने आए। उन्होंने सभी बच्चों से होमवर्क दिखाने के लिए कहा। कॉपी साथ नहीं थी अभिजीत अपनी होमवर्क कॉपी स्कूल नहीं लाया था। उसने बताया कि कॉपी वह अपने एक साथी छात्र के घर भूल आया था। इसी बात से नाराज होकर शिक्षक ने उसे स्केल से हाथ और जांघ पर मारा। मारपीट के कारण शरीर पर चोट के निशान आ गए। घर पहुंचकर मां को बताया स्कूल से घर पहुंचने के बाद छात्र ने अपनी मां को पूरी घटना बताई। इसके बाद परिजन तुरंत सक्रिय हुए। परिजन छात्र को रहली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे। वहां डॉक्टरों ने उसका परीक्षण कर इलाज किया। डॉक्टर ने क्या कहा ड्यूटी डॉक्टर बसंत नेमा ने बताया कि 14 वर्षीय बच्चे के शरीर पर चोट के निशान मिले हैं। बच्चे ने बताया कि ये चोटें मारपीट की वजह से आई हैं। इलाज के बाद परिजन छात्र को लेकर रहली थाने पहुंचे और शिक्षक के खिलाफ शिकायती आवेदन दिया। शिक्षा विभाग करेगा जांच जिला शिक्षा अधिकारी अरविंद जैन ने कहा कि मामला संज्ञान में है। शनिवार को विभाग की टीम स्कूल जाकर जांच करेगी और रिपोर्ट के आधार पर आगे कार्रवाई होगी। बाल संरक्षण आयोग के सदस्य ओंकार सिंह ने कहा कि छात्र के साथ मारपीट की शिकायत गंभीर है। बच्चे को पीटा नहीं जा सकता, पुलिस को शिकायत पर कार्रवाई करनी चाहिए।
Source link