जबलपुर वालों के लिए बड़ी खुशखबरी! 100 किमी स्पीड वाली फोरलेन सड़क को मिली हरी झंडी

जबलपुर वालों के लिए बड़ी खुशखबरी! 100 किमी स्पीड वाली फोरलेन सड़क को मिली हरी झंडी


Jabalpur Mandla Chilpi Highway: जबलपुर से रायपुर के बीच सफर करने वाले लोगों के लिए बड़ी खुशखबरी है. जल्द ही जबलपुर से रायपुर के बीच सड़क को फोरलेन बनाया जाएगा. इस महत्वाकांक्षी परियोजना पर करीब 5 हजार करोड़ रुपये की लागत आएगी, जिसके तहत लगभग 150 किलोमीटर लंबी फोरलेन सड़क का निर्माण किया जाएगा. इस सड़क के बन जाने से जबलपुर से मंडला होते हुए चिल्पी तक का सफर, जो अभी करीब 3 घंटे में तय होता है, वह महज डेढ़ घंटे में पूरा हो सकेगा.

डीपीआर तैयार, जंगल और वन्यजीवों का रखा जाएगा खास ध्यान
एनएचएआई के प्रोजेक्ट डायरेक्टर अमृतलाल साहू ने Local 18 को बताया कि जबलपुर-मंडला-चिल्पी तक फोरलेन सड़क का प्रस्ताव तैयार किया गया है और इसके लिए डीपीआर (डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट) बनाई जा रही है. उन्होंने बताया कि सड़क निर्माण के दौरान जंगल और वन्यजीवों की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखा जाएगा. इसके लिए वन क्षेत्रों में अंडरपास और ओवरब्रिज बनाए जाएंगे, ताकि जानवरों की आवाजाही बाधित न हो.

फिलहाल टू-लेन सड़क से जूझ रहे हैं यात्री
वर्तमान में जबलपुर से रायपुर जाने वाला यह मार्ग टू-लेन है. सड़क संकरी होने की वजह से यहां अक्सर जाम और सड़क हादसे होते रहते हैं. भारी वाहनों की आवाजाही और तीखे मोड़ों के चलते यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है. फोरलेन सड़क बनने के बाद इन समस्याओं से काफी हद तक राहत मिलने की उम्मीद है.

वन्यजीवों के लिए बनेंगे अंडरपास और ओवरब्रिज
यह मार्ग घने जंगल और संवेदनशील क्षेत्रों से होकर गुजरता है. ऐसे में पर्यावरण संतुलन बनाए रखना परियोजना की बड़ी प्राथमिकता है. जहां-जहां वन्यजीवों की आवाजाही ज्यादा रहती है, वहां अंडरपास और ओवरब्रिज बनाए जाएंगे. इससे हिरण, तेंदुआ समेत अन्य जानवर सुरक्षित रूप से एक क्षेत्र से दूसरे क्षेत्र में आ-जा सकेंगे.

डेढ़ घंटे का बचेगा समय, बढ़ेगी रफ्तार
फोरलेन सड़क बनने के बाद डिवाइडर, साइन बोर्ड और सर्विस रोड जैसी आधुनिक सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी. फिलहाल टू-लेन सड़क पर वाहनों की औसत रफ्तार 70 से 80 किमी प्रति घंटे रहती है, जबकि फोरलेन बनने के बाद वाहन 100 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकेंगे. इससे यात्रियों का करीब डेढ़ घंटे का समय बचेगा और सफर ज्यादा सुरक्षित व आरामदायक हो जाएगा.

आर्थिक गतिविधियों को भी मिलेगा बढ़ावा
फोरलेन सड़क बनने से न सिर्फ यातायात व्यवस्था बेहतर होगी, बल्कि आसपास के इलाकों में व्यापार, उद्योग और पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा. यह परियोजना मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ के बीच संपर्क को और मजबूत करेगी.



Source link