डिंडौरी में सड़क पर दो सांडों की लड़ाई: बाइकें गिरीं, लोगों ने डंडे से भगाया; नपा पर निष्क्रियता का आरोप – Dindori News

डिंडौरी में सड़क पर दो सांडों की लड़ाई:  बाइकें गिरीं, लोगों ने डंडे से भगाया; नपा पर निष्क्रियता का आरोप – Dindori News




डिंडोरी में जिला अस्पताल के सामने रविवार को दो सांड आपस में भिड़ गए। इस दौरान उनकी लड़ाई सड़क पर लगभग 15 मिनट तक चलती रही, जिससे अफरा-तफरी मच गई। लड़ते-लड़ते सांडों ने दो मोटरसाइकिलों को गिरा दिया। कई लोग डरकर भागते हुए दिखाई दिए, जबकि दो युवकों ने डंडे की मदद से सांडों को अलग करने और भगाने का प्रयास किया। स्थानीय निवासी योगेंद्र बर्मन (बॉबी) ने बताया कि आवारा मवेशी अक्सर सड़क पर बैठे रहते हैं, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। उन्होंने कहा कि कई बार लोग मवेशियों के कारण गिर भी जाते हैं। बर्मन ने नगर पालिका (नपा) के “हाका गैंग” पर निष्क्रियता का आरोप लगाया, जो केवल दिखावे के लिए कभी-कभी अभियान चलाता है। बर्मन ने चिंता व्यक्त की कि दिन के समय तो स्थिति ठीक रहती है, लेकिन रात में खतरा बढ़ जाता है। उन्होंने कहा कि आज तो सांडों ने बाइकें गिरा दीं और कई लोग यहां से भागते दिखे। उन्होंने नपा पर किसी बड़े हादसे का इंतजार करने का आरोप लगाया। इस मामले में नगर पालिका के मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) अमित तिवारी ने कहा कि टीम को भेजकर आवारा मवेशियों को गौशाला भिजवाया जाएगा।



Source link