Nepal Cricket Team: टी20 वर्ल्ड कप 2026 के अपने पहले मैच में ही नेपाल ने ऐसा खेल दिखाया कि दुनिया इस टीम की दीवानी हो गई है. आलम ये है कि क्रिकेट की गलियारों में इंग्लैंड की जीत से ज्यादा नेपाल की हार के चर्चे हैं. रविवार को मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में इंग्लैंड और नेपाल के बीच बेहद रोमांचक मुकाबला खेला गया. हैरी ब्रूक की अगुवाई वाली टीम ने आखिरकार बाजी मार ली, लेकिन नेपाल ने करोड़ों फैंस का दिल जीता. इस बीच साउथ अफ्रीका के पूर्व महान तेज गेंदबाज डेल स्टेन ने बड़ा बयान दिया है.
दिग्गज डेल स्टेन नेपाल के प्रदर्शन से इतने खुश हैं कि वो टीम के साथ जुड़कर उनकी मदद करने को बेताब हैं. उन्होंने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट के जरिए अपनी इच्छा जाहिर की है. पूर्व धाकड़ गेंदबाज ने कहा कि नेपाल को कभी भी जरूरत पड़े तो वो सेवा करने के लिए तैयार हैं.
डेल स्टेन नेपाल के कोच बनने को तैयार
साउथ अफ्रीका के लिए टेस्ट में 439 विकेट लेने वाले पूर्व महान गेंदबाज डेल स्टेन ने अपने X अकाउंट पर पोस्ट के जरिए बड़ा ऐलान किया. उन्होंने लिखा, ”नेपाल…यदि आपको कभी भी मेरी सेवाओं की आवश्यकता हो, तो मैं आपकी सेवा में हाजिर हूं.”
— Dale Steyn (@DaleSteyn62) February 8, 2026
स्टेन का ये बयान अपने आप में नेपाल क्रिकेट के लिए बहुत बड़ी उपलब्धि है. अगर वो इस टीम के गेंदबाजी कोच बन जाते हैं तो नेपाल की काया पलट हो सकती है. इंग्लैंड के खिलाफ मैच में भी उन्होंने बल्लेबाजी में तो दम दिखाया, लेकिन बॉलिंग में थोड़े बेअसर दिखे. इंग्लैंड ने आखिरी तीन ओवरों में 45 रन बना दिए और मैच के लिहाज से देखें तो नेपाल को यही रन काफी महंगा पड़ा.
मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए मैच में इंग्लैंड ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया था. जेकब बेथेल ने 35 गेंदों पर 55 रनों की कीमती पारी खेली. कप्तान हैरी ब्रूक (53 रन) और विल जैक्स ने भी 18 गेंदों पर 39 रनों का महत्वपूर्ण योगदान दिया. इंग्लैंड ने नेपाल के सामने 185 रनों का लक्ष्य रखा.
इसके जवाब में नेपाल के ओपनर कुशल भुरटेल ने (17 गेंदों पर 29 रन), कप्तान रोहित पौडेल ने (34 गेंद पर 39 रन) और दीपेंद्र सिंह ऐरी ने (29 गेंदों पर 44 रन) की अच्छी पारी खेली. उसके बाद नंबर-6 पर उतरे लोकेश बम ने अपने नाम की तरह ही बल्ले से धमाका दिया. उन्होंने 20 गेंदों पर 39 रनों की शानदार पारी खेली और कुछ देर के लिए इंग्लैंड की जान हलक में डाल दी थी. हालांकि, आखिरी ओवर में सैम करन के खिलाफ वो बड़ा शॉट नहीं खेल सके और नेपाल की उम्मीदों पर पानी फिर गया.
ये भी पढ़ें: सूर्यकुमार यादव नहीं इस खिलाड़ी ने एक चौका जड़ पलट दिया मैच, टीम इंडिया की बस में हुआ खुलासा; आपने नोटिस किया?