Last Updated:
Rohit Paudel Statement: नेपाल क्रिकेट टीम के कप्तान रोहित पौडेल ने इंग्लैंड के खिलाफ नजदीकी मुकाबले में हार के बाद कहा कि उनकी टीम टी20 वर्ल्ड कप में एक या दो उल्टफेर करने आई है. पौडेल ने कहा कि जब हम विश्व कप के लिए आ रहे थे तो, हमने ये ठान लिया था कि हम सिर्फ हिस्सा लेने नहीं जा रहे हैं बल्कि जीतने के लिए हर संभव प्रयास करेंगे.
रोहित पौडेल ने कहा कि उनकी टीम इस विश्व कप में उलटफेर कर सकती है.
नई दिल्ली. नेपाल क्रिकेट टीम टी20 वर्ल्ड कप में इतिहास रचने से चूक गई. दो बार के वर्ल्ड चैंपियन इंग्लैंड के खिलाफ रोहित पौडेल की कप्तानी वाली टीम उलटफेर करने जा रही थी लेकिन सैम करने ने आखिरी ओवर में उनका सपना तोड़ दिया. दिल तोड़ने वाली हार के बावजूद नेपाल के कप्तान का कहना है कि उनकी टीम इस विश्व कप में एक या दो उलटफेर करने की कोशिश करेगी. रोहित ने कहा कि उनका इरादा इस विश्व कप में सिर्फ हिस्सा लेना नहीं है बल्कि वह जीत का आत्मविश्वास लेकर आए हैं.
इंग्लैंड ने टी20 वर्ल्ड कप ग्रुप सी के बेहद रोमांचक मुकाबले में नेपाल की चुनौती से निपटते हुए अंत में चार रन की करीबी जीत दर्ज की. नेपाल इस मुकाबले में उलटफेर कर इतिहास रचने के बहुत करीब पहुंच गया था. उसने इंग्लैंड के सात विकेट पर 184 रन के जवाब में छह विकेट पर 180 रन बनाए.
रोहित पौडेल ने कहा कि उनकी टीम इस विश्व कप में उलटफेर कर सकती है.
नेपाल के कप्तान रोहित पौडेल (Rohit Paudel) ने कहा कि वे सिर्फ टूर्नामेंट में हिस्सा नहीं ले रहे हैं बल्कि एक या दो उलटफेर करने की कोशिश करेंगे, जिसका सबूत इंग्लैंड के खिलाफ उनके जोश भरे प्रदर्शन में साफ दिखा. उन्होंने कहा, ‘खिलाड़ियों ने अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया. मुझे उन पर बहुत गर्व है. जब हम इस विश्व कप में आए थे तो हम इस भरोसे के साथ आए थे कि हम यहां सिर्फ हिस्सा लेने नहीं आए थे. हालांकि नतीजा हमारे पक्ष में नहीं रहा, लेकिन कोशिश के मामले में हमने हर विभाग में शत प्रतिशत दिया. आखिरी ओवर में सैम करन ने बहुत अच्छी गेंदबाजी की. हम इसमें सुधार करेंगे.’
लोकेश बाम (20 गेंद में नाबाद 39 रन) ने शानदार प्रदर्शन करते हुए नेपाल की उलटफेर भरी जीत की उम्मीद बनाए रखी, लेकिन आखिरी ओवर में जीत नहीं दिला सके. आखिरी ओवर में नेपाल को जीत के लिए 10 रन की दरकार थी, लेकिन नेपाल के लिए बाउंड्री नहीं लग सकी. इस तरह बल्ले से उनका शानदार प्रदर्शन करीबी हार से खत्म हो गया. सैम करन ने अंतिम ओवर में लगातार यॉर्कर फेंकीं और नेपाल की टीम सिर्फ पांच रन ही बना पाई. लेकिन फिर भी 17,000 से ज्यादा प्रशंसक वानखेड़े स्टेडियम में मौजूद थे और उन्होंने नेपाल को अपनी क्षमता से कहीं बेहतर प्रदर्शन करते देखा.
About the Author
करीब 15 साल से पत्रकारिता में सक्रिय. दिल्ली यूनिवर्सिटी से पढ़ाई. खेलों में खासकर क्रिकेट, बैडमिंटन, बॉक्सिंग और कुश्ती में दिलचस्पी. IPL, कॉमनवेल्थ गेम्स और प्रो रेसलिंग लीग इवेंट्स कवर किए हैं. फरवरी 2022 से…और पढ़ें