Last Updated:
Indore bullion Market News: देश में सोने के दाम बढ़ने के बावजूद सोने के प्रति लोगों का मोह कम नहीं हुआ है. इंदौर के सराफा बाजार में 1 से 3 ग्राम की लाइटवेट ज्वेलरी जैसे बालियां, टॉप्स, पेंडल्स और चेन की मांग तेजी से बढ़ी है. 7 से 8 ग्राम के हार भी खूब बिक रहे हैं. जानें सबकुछ…
Indore News: भारत में सोना केवल निवेश नहीं, बल्कि साजसज्जा, भावनाओं और प्रथाओं से भी जुड़ा है. इसके दाम आसमान छू रहे हैं, लेकिन सोने के प्रति मोह कम होने का नाम नहीं ले रहा. महंगा होने के बावजूद लोग सोना खरीदना चाहते हैं, बस तरीका बदल गया है. वर्तमान में 1 तोले की कीमत करीब 1.5 लाख है. इसी को देखते हुए बाजार में 2, 3 और 5 ग्राम के गहनों के विकल्प काफी चलन में आ गए हैं.
इंदौर के सराफा व्यापारी शरद बाहेती ने बताया, बाजार में 1 से 3 ग्राम सोने की ज्वेलरी को लोग ज्यादा तरजीह दे रहे हैं. क्योंकि यह उनके बजट में आ पा रही है. शादी-ब्याह का समय चल रहा है. ऐसे में लोगों को खुद के लिए भी चाहिए और लेन-देन के लिए भी. इसलिए ‘लाइटवेट आइटम्स’ के अलावा और कोई अन्य विकल्प बचा नहीं है.
लाइटवेट ज्वेलरी में ये विकल्प
2-3 ग्राम ज्वेलरी में बालियां, टॉप्स और पेंडल्स उपलब्ध रहते हैं. वहीं, अंगूठियों में ढेरो विकल्प मिल जाते हैं. यह भी 1 से 3 ग्राम के बीच में मिल जाती है. जबकि गले की चेन भी एक बेहतरीन विकल्प के रूप में है, जिसमें 2 ग्राम तक की चेन मेकिंग के साथ 30-35 हजार के बीच आ जाती है. आजकल सुई-धागा स्टाइल वाले कान के झुमके बहुत चलन में हैं. ये महज 2-3 ग्राम में बन जाते हैं.
5 से 6 ग्राम के बीच कई डिजाइंस में हार
समय की मांग को देखते हुए एक तोले से कम के हार भी आ रहे हैं. 5 से 6 ग्राम के बीच कई डिजाइंस में हार उपलब्ध हैं, जो थोड़े छोटे होते हैं. लेकिन, बड़े हार की तरह ही दिखने में सुंदर होते हैं. दरअसल, लेजर-कट तकनीक से ऐसे नेकलेस बन रहे हैं जो 8 से 10 ग्राम के बीच होते हैं, लेकिन उनका फैलाव इतना ज्यादा होता है कि वे 20-25 ग्राम के पुराने हारों जैसे दिखते हैं. इनकी कीमत करीब एक लाख से पौने दो लाख के बीच होती है. इसके अलावा हल्के ब्रेसलेट्स भी बाज़ार में चलन में आ गए हैं, लेकिन चांदी में इनकी डिमांड ज्यादा रहती है. हालांकि, 6-8 ग्राम में बेहतरीन गोल्ड ब्रेसलेट मिल जाते हैं.
सोने के दाम बढ़ने से न केवल लाइटवेट ज्वेलरी का चलन बढ़ चुका है, बल्कि इसे संभालना भी आसान रहता है. यह बजट में भी आसानी से फिट हो जाती है. शादी ब्याह से लेकर गिफ्ट तक के लिए लाइटवेट ज्वेलरी सबसे अच्छा विकल्प बनकर उभरा है.
About the Author
एक दशक से अधिक समय से पत्रकारिता में सक्रिय. प्रिंट मीडिया से शुरुआत. साल 2023 से न्यूज 18 हिंदी के साथ डिजिटल सफर की शुरुआत. न्यूज 18 के पहले दैनिक जागरण, अमर उजाला में रिपोर्टिंग और डेस्क पर कार्य का अनुभव. म…और पढ़ें