Winter Olympics 2026: विंटर ओलंपिक की मेजबान इटली के लिए भारी पड़ती नजर आ रही है. पहले पर्यटक नहीं बढ़े और अब सरकारी ब्रॉडकास्टर्स ने बड़ा झटका दे दिया. फैंस की कमी ने भी आयोजकों को परेशान किया है. अब कुछ ऐसा हुआ है जिसने इटली को पूरी दुनिया में शर्मसार कर दिया. कमेंटेटर्स की लगातार गलतियों ने आधिकारिक ब्रॉडकास्टर RaiSport को सवालों के घेरे में डाल दिया है.
दर्शकों को गलत जानकारी देने का आरोप
मिलान-कोर्टिना विंटर ओलंपिक्स के उद्घाटन समारोह के दौरान इटली के सरकारी ब्रॉडकास्टर RaiSport को शर्मिंदगी का सामना करना पड़ा है. उसके एक वरिष्ठ कमेंटेटर की लगातार गलतियों ने लाइव टेलीकास्ट की विश्वसनीयता पर सवाल खड़े कर दिए. दर्शकों को न सिर्फ गलत जानकारी दी गई, बल्कि मशहूर हस्तियों और खिलाड़ियों की पहचान में भी बड़ी चूक हुई.
कमेंट्री में सबसे बड़ी गलती क्या रही?
RaiSport के डायरेक्टर पाओलो पेट्रेका ने कमेंट्री की शुरुआत करते हुए दर्शकों का स्वागत ”स्टेडियो ओलिंपिको” से किया, जबकि समारोह वास्तव में मिलान के प्रसिद्ध सैन सिरो स्टेडियम में आयोजित हो रहा था. स्टेडियो ओलिंपिको रोम में स्थित है, जिससे यह साफ हो गया कि कमेंट्री में गंभीर लापरवाही बरती गई.
मारिया कैरी को लेकर भ्रम क्यों हुआ?
समारोह के दौरान कैमरा जब मशहूर इटालियन अभिनेत्री मटिल्डा डी एंजेलिस पर गया, तो पेट्रेका ने उन्हें अंतरराष्ट्रीय पॉप स्टार मारिया कैरी बता दिया. दोनों के बीच उम्र और पहचान का अंतर साफ होने के बावजूद यह गलती दर्शकों को हैरान करने वाली रही और सोशल मीडिया पर भी चर्चा का विषय बन गई.
ये भी पढ़ें: Explained: पाकिस्तान की नौटंकी, बांग्लादेश से ‘धोखा’ और ICC का डैमेज कंट्रोल, कैसे हुआ IND vs PAK मैच का रास्ता साफ?
राष्ट्रपति की पहचान में कैसे चूक हुई?
जब इटली के राष्ट्रपति सर्जियो मातारेला अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति की अध्यक्ष किर्स्टी कोवेंट्री के साथ स्टेडियम पहुंचे, तो कमेंट्री में उन्हें राष्ट्रपति और उनकी बेटी बताया गया. यह गलती न सिर्फ तथ्यात्मक रूप से गलत थी, बल्कि एक राष्ट्रीय आयोजन में अस्वीकार्य मानी गई.
पत्रकारों ने विरोध में क्या कदम उठाया?
RaiSport की आंतरिक पत्रकार यूनियन ‘कोमितातो दी रेडाज़ियोने’ ने ऐलान किया कि विंटर ओलंपिक्स की अवधि तक सभी रिपोर्टर और कमेंटेटर अपने नाम से खबरें प्रकाशित नहीं करेंगे. इसके अलावा खेलों के समापन के बाद तीन दिन की हड़ताल की भी घोषणा की गई. Rai के सीईओ जियामपाओलो रोसी के साथ हुई बैठक के बाद यह फैसला लिया गया कि पाओलो पेट्रेका को 22 फरवरी को होने वाले क्लोजिंग सेरेमनी की कमेंट्री टीम से हटा दिया जाएगा. यह भी सामने आया कि पेट्रेका मूल रूप से उद्घाटन समारोह की कमेंट्री टीम में शामिल नहीं थे. कमेंट्री के दौरान पेट्रेका इटली की पुरुष और महिला वॉलीबॉल टीमों को पहचानने में भी असफल रहे, जबकि दोनों टीमें मौजूदा विश्व चैंपियन हैं. खिलाड़ियों की इस अनदेखी ने RaiSport की पेशेवर क्षमता पर और सवाल खड़े कर दिए.