टी20 वर्ल्ड कप 2026 में टेंशन धीरे-धीरे खत्म होती नजर आ रही है. भारतीय टीम के स्टार ऑलराउंडर वाशिंगटन सुंदर महीनेभर बाद इंजरी से उबर चुके हैं और टीम इंडिया में वापसी कर ली है. उनके कमबैक की पुष्टि भारत के असिस्टेंट कोच रेयान टेन डोएशेट ने की है. सुंदर 12 फरवरी को नामीबिया के खिलाफ अपने दूसरे ग्रुप-स्टेज मैच से पहले भारतीय टीम में शामिल हो गए हैं. मंगलवार को दिल्ली में मैच से पहले प्रेस कॉन्फ्रेंस में मीडिया से बात करते हुए, डोएशेट ने जसप्रीत बुमराह की फिटनेस और अभिषेक शर्मा की हेल्थ की स्थिति सहित प्रमुख खिलाड़ियों पर भी अपडेट दिए.
क्या बोले असिस्टेंट कोच?
डोएशेट ने बताया, ‘सुंदर कल टीम में शामिल हुए, और वह आज टीम के साथ ट्रेनिंग करेंगे. अभिषेक की बात करें तो, उन्हें पेट की समस्या है, लेकिन हमें उम्मीद है कि वह नामीबिया के खिलाफ मैच के लिए समय पर फिट हो जाएंगे. बुमराह 10 दिन के ब्रेक के बाद गेंदबाजी कर रहे हैं, और वह काफी बेहतर महसूस कर रहे हैं. वह ठीक से चल रहे हैं और आज फिर से गेंदबाजी करेंगे.’
कप्तान के पढ़े कसीदे
उन्होंने सूर्यकुमार यादव को लेकर कहा, ‘शुक्र है, हमारे कप्तान ने अच्छा किया। पिछले साल उनका समय ठीक नहीं रहा, लेकिन इसीलिए उनके आस-पास अच्छे लोग हैं. पिछले हफ्ते जिस तरह से उन्होंने खेला और टीम को बचाया, उससे उनकी लीडरशिप और कंसिस्टेंसी साफ दिखती है.’ इसके अलावा उन्होंने टीम इंडिया के मिस्ट्री स्पिनर वरुण चक्रवर्ती की भी तारीफ की और उन्हें प्रोफेशनल बताया. साथ ही सिराज पर भी बात की.
ये भी पढे़ं.. ऑस्ट्रेलिया को बड़ा झटका, पहले मैच में नहीं खेलेगा टीम का सबसे घातक बल्लेबाज
चक्रवर्ती की तैयारी दमदार
डोशेट ने आगे कहा, ‘वरुण एक सच्चे प्रोफेशनल हैं। उनका काम करने का तरीका बहुत अच्छा है. भले ही वह मैच में सिर्फ 12 गेंदें फेंकें, आप पक्का मान सकते हैं कि वह मैच के बाद 12 और गेंदें फेंकेंगे. वह हमेशा बेहतर करने की कोशिश करता है और कुछ नई गेंदों पर काम कर रहा है. अपने काम के प्रति उसका कमिटमेंट कुछ ऐसा है जिसकी हम सच में कद्र करते हैं. सिराज भी एक शानदार खिलाड़ी है. उसने हमेशा अपना बेस्ट दिया है, खासकर लंबे फॉर्मेट में. रणजी ट्रॉफी मैच में 40 ओवर बॉलिंग करने के सिर्फ दो दिन बाद प्लेन में चढ़ना, बिना किसी थकान के, और फिर जब कहा गया तो अच्छा करना. यही उसका प्रोफेशनलिज़्म का लेवल है.’