लैब बनाकर बनाते थे सिंथेटिक ड्रग: चंदेरी में एमडी ड्रग फैक्ट्री पकड़ी, इंदौर नारकोटिक्स टीम ने दो आरोपी दबोचे – Ashoknagar News

लैब बनाकर बनाते थे सिंथेटिक ड्रग:  चंदेरी में एमडी ड्रग फैक्ट्री पकड़ी, इंदौर नारकोटिक्स टीम ने दो आरोपी दबोचे – Ashoknagar News




जिले के चंदेरी क्षेत्र में नारकोटिक्स विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एमडी ड्रग बनाने की फैक्ट्री पकड़ी है। ग्राम कडराना में दो युवक प्रियांशु जैन उर्फ शानू मोदी (31) निवासी हाटकापुरा चंदेरी और राघवेंद्र परमार (38) निवासी कडराना घर में लैब बनाकर केमिकल से ड्रग तैयार कर रहे थे। इंदौर से डीएसपी संतोष हाड़ा के नेतृत्व में पहुंची 15 सदस्यीय टीम ने दबिश देकर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। टीम को मौके से एक किलो से अधिक एमडी ड्रग, बनाने का उपकरण, एक कार और अवैध पिस्टल बरामद हुई है, जिसकी कीमत करीब दो करोड़ रुपए बताई जा रही है। नारकोटिक्स विभाग को इंदौर में पकड़े गए एक नशेड़ी से सूचना मिली थी कि ड्रग चंदेरी से सप्लाई हो रही है। इसके बाद टीम ने गांव पहुंचकर छापामार कार्रवाई की। पूछताछ में आरोपियों ने प्रदेश के बड़े शहरों के साथ अन्य राज्यों में भी सप्लाई करने की बात स्वीकार की है। मंगलवार को दोनों को न्यायालय में पेश किया गया। पुलिस अब मोबाइल कॉल डिटेल और ट्रांजेक्शन के आधार पर अन्य ग्राहकों व केमिकल सप्लायर की जांच कर रही है। घर में बना रखी थी पूरी ड्रग लैब
जांच में सामने आया कि राघवेंद्र परमार के घर में ही पूरी लैब तैयार की गई थी, जहां केमिकल की मदद से एमडी ड्रग बनाई जाती थी। तैयार माल इंदौर, भोपाल समेत बड़े शहरों में भेजा जाता था। कुछ ग्राहक सीधे गांव पहुंचकर भी ड्रग लेते थे। पुलिस का कहना है कि लैब में इस्तेमाल उपकरण और केमिकल की जांच कर सप्लाई चेन का पता लगाया जाएगा। फिल्म शूटिंग मैनेजमेंट से जुड़े तारों की जांच : सूत्रों के अनुसार आरोपी प्रियांशु जैन चंदेरी में होने वाली फिल्म शूटिंग के दौरान मुंबई से आने वाली टीम का मैनेजमेंट देखता था। ऐसे में महंगे नशे के शौकीनों से संभावित कनेक्शन की आशंका जताई जा रही है। हालांकि पुलिस ने आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। मोबाइल डेटा और आर्थिक लेनदेन की जांच के बाद नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका स्पष्ट हो सकती है।



Source link