दिल्ली: India vs Pakistan World cup match 2026, आईसीसी पुरुष T20 वर्ल्ड कप के चलते कल 12 फरवरी को इंडिया बनाम न्यूजीलैंड का मैच दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में होने जा रहा है. एक्सपर्ट्स समेत भारत के वे सभी लोग, जो क्रिकेट को थोड़ा-बहुत भी देखते हैं, उनका कहना है कि यह मैच टीम इंडिया एकतरफा तरीके से जीतेगी. यह भी संभव है कि इस मैच में टीम इंडिया कई नए रिकॉर्ड बना दे.
लेकिन इसी बीच, सभी लोगों में टीम इंडिया के उस मैच को लेकर काफी दिलचस्पी है, जो पाकिस्तान के साथ श्रीलंका के कोलंबो में 15 फरवरी को खेला जाना है. इसे लेकर कई एक्सपर्ट्स अलग-अलग टिप्पणियां भी कर रहे हैं. इसी बीच, जब हमने इंडियन डेफ क्रिकेट टीम के हेड कोच देवदत्त से इस मैच पर उनकी प्रतिक्रिया मांगी, तो आइए आपको बताते हैं कि उन्होंने क्या कुछ कहा.
रन से ज्यादा विकेट गिरने की उम्मीद
पहले तो हम आपको बता दें कि पाकिस्तान ने टीम इंडिया से श्रीलंका में T20 वर्ल्ड कप मैच खेलने से पहले इंकार कर दिया था, लेकिन अब कुछ रिपोर्ट्स सामने आ चुकी हैं कि पाकिस्तान इंडिया से मैच खेलेगा. हालांकि, अभी भी इस मैच को लेकर पूरी तरह से स्थिति साफ नहीं हुई है. लेकिन यदि यह मैच होता है तो इस मैच को लेकर देवदत्त का कहना था कि वह हाल ही में अपनी डेफ इंडियन क्रिकेट टीम के साथ श्रीलंका जा चुके हैं और उन्होंने वहां खेला भी है, इसलिए उन्हें श्रीलंका की पिचों के बारे में ज्यादा जानकारी है.
उन्होंने कहा कि श्रीलंका में पिच पर घास होती है, इसलिए वहां गेंदबाजों को अच्छी-खासी मदद मिलेगी. उनका यह भी कहना था कि बल्लेबाजों के लिए बुरी खबर यह है कि यहां कभी भी अचानक गेंद नीचे रह जाती है, यानी लो बाउंस होती है, जिससे बल्लेबाजों को इसे खेलने में काफी दिक्कत होती है. इसी चीज को मद्देनजर रखते हुए उनका कहना था कि श्रीलंका में गेंदबाजों का बोलबाला रहेगा और रन बनने से ज्यादा विकेट गिरने की उम्मीद है.
ये खिलाड़ी कर सकते हैं शानदार प्रदर्शन
देवदत्त ने कहा कि उन्हें इस मैच में खास तौर पर भारतीय टीम के ऑलराउंडर अक्षर पटेल से काफी ज़्यादा उम्मीद है. उनका कहना था कि अक्षर बैटिंग भी अच्छी करते हैं और बॉलिंग भी, और यह पिच उन्हीं के मुताबिक है. वहीं जिस तरह की फॉर्म में अभिषेक शर्मा हैं और जिस तरह डोमेस्टिक क्रिकेट खेलकर ईशान किशन ने वापसी की है, ये दोनों प्लेयर किसी भी मैच को एक तरफा भी बना सकते हैं और रिकॉर्ड्स भी बना सकते हैं.
इसके अलावा उनका यह भी कहना था कि अगर संजू सैमसन खेलते हैं तो उनकी परफॉर्मेंस भी देखने लायक होगी, क्योंकि वह पहले इनिंग बिल्ड करते हैं और उसके बाद अचानक एक्सीलरेट करते हैं, इसलिए उन्हें देखना भी काफी दिलचस्प रहेगा. उनका आगे कहना था कि ये कुछ खिलाड़ी हैं जिनसे उन्हें उम्मीद है कि वे इस बार टूर्नामेंट में कुछ अलग करके और कुछ बड़े रिकॉर्ड्स बनाकर दिखाएंगे.